हिन्दी हाई स्कूल में गूँजे सुरों के रंग: गीत-गायन प्रतियोगिता में हिन्दी हाई स्कूल प्रथम, शील्ड ज्ञानोदय विद्या मंदिर के नामशिक्षण महर्षि स्व. आई. डी. सिंह की स्मृति में हुआ आयोजन
हिन्दी हाई स्कूल में गूँजे सुरों के रंग: गीत-गायन प्रतियोगिता में हिन्दी हाई स्कूल प्रथम, शील्ड ज्ञानोदय विद्या मंदिर के नाम
शिक्षण महर्षि स्व. आई. डी. सिंह की स्मृति में हुआ आयोजन
घाटकोपर (प.), 28 नवम्बर। शब्द और सुर के संगम ने शनिवार की दोपहर को यादगार बना दिया। हिन्दी हाई स्कूल, घाटकोपर (प.) द्वारा "शिक्षण महर्षि स्व. आई. डी. सिंह स्मृति" अंतर्विद्यालयीन गीत-गायन प्रतियोगिता का आयोजन बैजनाथ साबू सभागृह में दोपहर 12.30 बजे किया गया। विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से सभागृह को संगीतमय कर दिया।
समारोह की अध्यक्षता हिंदी विद्या प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री लालता प्रसाद सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य श्री शैलेन्द्र एस. सिंह उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के निर्णायक की भूमिका श्री सुनील तिवारी, श्री ज्ञानेंद्र कुमार एवं सुश्री अदिति सातपुते ने निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष, अतिथियों, प्रधानाचार्य एवं निर्णायक मंडल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की और स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। पुष्पगुच्छ भेंट कर अध्यक्ष, अतिथियों, प्रधानाचार्य एवं निर्णायक मंडल का स्वागत किया गया।
सूत्र संचालन एवं प्रस्तावना का दायित्व शिक्षिका श्रीमती वंदना सिंह ने कुशलतापूर्वक निभाया। अपनी प्रस्तावना में उन्होंने स्व. आई. डी. सिंह के शिक्षा-जगत में योगदान को स्मरण करते हुए आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रतियोगी विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीत-गायन रहा। कभी भक्ति की पावन धारा, कभी देशप्रेम का जोश और कभी लोकधुनों की मिठास से सराबोर प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नन्हे कलाकारों के आत्मविश्वास और सुर-ताल की समझ ने उपस्थित जनों की भरपूर सराहना बटोरी।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद निर्णायक मंडल ने परिणाम घोषित किए। प्रतियोगिता में हिन्दी हाई स्कूल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मेज़बान विद्यालय का मान बढ़ाया। ज्ञानोदय विद्या मंदिर द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि कार्तिका हाई स्कूल ने तृतीय स्थान अर्जित किया। चतुर्थ स्थान भी ज्ञानोदय विद्या मंदिर की ही दूसरी टीम के हिस्से आया। सर्वाधिक अंक एवं समग्र प्रदर्शन के आधार पर ज्ञानोदय विद्या मंदिर, सावरकर नगर, ठाणे को शील्ड विजेता घोषित किया गया।
निर्णायक मंडल के सदस्यों श्री सुनील तिवारी, श्री ज्ञानेंद्र कुमार एवं सुश्री अदिति सातपुते ने मनोगत व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों की प्रतिभा की प्रशंसा की और उन्हें निरंतर साधना के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय आशीर्वचन में डॉ. राजेन्द्र सिंह ने कहा कि संगीत मन को संस्कारित करता है और ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व-विकास का सशक्त माध्यम हैं। इसके बाद अध्यक्ष, अतिथियों एवं निर्णायक मंडल के करकमलों से विजेता प्रतिभागियों को पारितोषिक वितरित किए गए।
अंत में शिक्षिका श्रीमती शशिकला सिंह ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार प्रदर्शित किया। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
Comments
Post a Comment