साहित्यिक संस्था कोशिश की मासिक काव्यगोष्ठी के साथ पुस्तक विमोचन संपन्न

साहित्यिक संस्था कोशिश की मासिक काव्यगोष्ठी के साथ पुस्तक विमोचन संपन्न 
"कोशिश"की हर काव्यगोष्ठी एक यादगार साहित्यिक घटना होती है।15 नवंबर की रामेश्वर सभागार में हुई गोष्ठी भी ऐसी ही एक और यादगार गोष्ठी रही, जिसमें कोशिश परिवार के दो साहित्य साधकों, श्री रामजीत मिश्र और श्री जनार्दन प्रसाद अस्थाना की पुस्तकों का लोकार्पण हुआ।
       रामजीत मिश्र के काव्य संग्रह '"गुम होती हरियाली"और अस्थाना जी के कहानी संग्रह", मै बुद्धू नहीं हूं"का लोकार्पण करते हुए संस्था के शीर्ष पर विराजमान, हमारे प्रेरणा स्रोत प्रो आर एन सिंह ने कृतियों और कृतिकारों की विशेषताओं की चर्चा करते हुए भावुक हो कर, अतीत से अब तक की यात्राओं को याद किया , और भावी वार्षिक समारोह तथा "कोशिश"के रचनाकारों की रचनाओं के वार्षिक संकलन के गोष्ठी कोप्रकाशन की रूपरेखा तय की।
        आज की काव्य गोष्ठी में, गणित अध्यापक जयसिंह ने सर्वप्रथम अपनी वैचारिक व्यंग शैली में मधुर रिश्तों की चुटकी लेते हुए पड़ताल की, उसके बाद फूलचंद भारती ने अपनी कविता पढ़ी। यद्यपि बाहर बजते हुए बैंड बाजे ने लगभग 5मिनट तक आयोजन को बज बज कर बाधित किया लेकिन साहित्यकारों ने इसे छठ मैया के प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। अशोक मिश्र जी जरा देर से आए, तब तक संचालन भार अध्यक् श्री अस्थाना जी ने ढोया।
     युवा रचनाकार श्री अमृत प्रकाश ने , बदलते परिदृश्य के संवेदनात्मक स्पर्श को रिश्तों के संदर्भ में महसूस किया और लोक व्यवहार की तल्खियों को महसूस कराया। वह एक ऐसे संवेदन शील साहित्यिक व्यक्तित्व है जिनसे भविष्य के लिए अच्छी उम्मीदें उभरती है।
     राजेश पांडेय ने अपनी नई प्रकाशित पुस्तक " मेरी अंतर्यात्रा"
की आधार पीठिका से श्रोताओं को परिचित कराया और उसके कथ्य और विषय वस्तु को संक्षेप में श्रोताओं के सामने रखा। यह कृति उनके आत्मचिंतन का प्रसाद है, जिसपर ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय तथा श्रीमद् भगवद्गीता का स्पष्ट प्रभाव है। इसमें भौतिक जीवन से इतर प्रश्न हैं।
         श्री अशोक मिश्र, स्व रूपनारायण त्रिपाठी, एवं श्री सभाजीत द्विवेदी की संचालन शैली से अलग एक अन्य धारा के अन्वेषक हैं और आश्वस्त करते हैं कि मंच संचालन की जौनपुर की 
विरासत को संभालने के लिए वह सर्वथा योग्य है। वह हास्य को नहीं वरन मीठी सांकेतिक चुटकियों को, कभी कभी, सही मौके पर इस्तेमाल करने में महारत हासिल कर चुके है, और गभीर संचालन की मिसालें पेश करने लगे हैं।
      रूपेश साथी ने जीवन को निर्धारित और नियंत्रित करने की शक्ति के रूप में पैसा शीर्षक रचना पढ़ी, जिसे सुन कर यह अनुभूति हुई कि पैसा जीवन में कुछ ज्यादा ही महत्व रखने लगा है।
      सुमति श्रीवास्तव ने कवि के व्यक्तित्व के निर्धारक कारकों और उद्वेलित करने वाली परिस्थितियों के चित्र शब्दों में उकेरे।
       आशिक जौनपुरी, का मिजाज और तेवर वही आशिकी वाला बरकरार रहा। उनकी आज की रचना खूब सुनी और सराही गई।
      अंसार जौनपुरी की ग़ज़ल और उनके हर शेर लाजवाब होते हैं। उन्होंने जौनपुर की शायरी को गर्व करने लायक मेयार बख्शा है।
     रामजीत मिश्र जी के कविता संग्रह का आज लोकार्पण हुआ। उन्होंने भी एक गजल प्रस्तुत की।
   अशोक मिश्र के दोहे अधिक चुटीले अधिक नुकीले, और अर्थ में अधिक गहरे निखरते जा रहे हैं। जनपद में इस विद्या के वह एकमात्र सशक्त हस्ताक्षर हैं। अक्सर उनके विषय सामयिक होते है। उनमें खूबसूरत सौंदर्यबोध भी झलकता है।
      जनार्दन अस्थाना जी ने दो गीत सुना कर तालियां बटोरीं।
      मेरी कविता का मूल, संस्कार- भाव ,था। हम हताश और उदास पीढी को सिर्फ विरासतमें जो पाया है वही सौंप सकते है। बाकी हमने अपने उस मूल में कुछ जोड़ा नहीं। आजादी के बाद जो सिस्टम था, बना, और चला उसमें तो हम अपने जंगल, और जातीय सौहार्द्र तक सुरक्षित नहीं रख पाए किंतु नैतिक और धार्मिक मूल्यों की थाती यदि हम सुरक्षित हस्तांतरित कर सके, तो इस पूंजी को ले कर नई पीढ़ी नए रास्ते तलाश लेगी।

Comments

Popular posts from this blog

हिन्दी प्रवक्ता पद का कार्यभार ग्रहण किया

शिक्षा द्वारा हजारों बच्चों की जिंदगी बनाने वाली राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका सुश्री ललीता गुलाटी का दु:खद निधन

सिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने किया विद्यालय का नाम रोशन