महाराष्ट्र के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने आदिवासियों के साथ मनाई दिवाली
महाराष्ट्र के मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने आदिवासियों के साथ मनाई दिवाली
मुंबई। राज्य में सूखे का संकट मंडरा रहा है। ऐसे में किसानों और आदिवासी भाई-बहनों के साथ दिवाली मनाने का आह्वान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया था। इस आह्वान का प्रतिसाद देते हुए कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने गोरेगांव पूर्व स्थित आरे मिल्क कॉलोनी परिसर के खांबांचा पाड़ा में आदिवासी भाई-बहनों के साथ दिवाली मनाई। इस अवसर पर उन्होंने छोटे बच्चों को शैक्षणिक सामग्री, खिलौने, पटाखे, बिस्कुट और साइकिलें वितरित कर उनकी खुशियों में वृद्धि की।वनवासी कल्याण आश्रम, महाराष्ट्र और लोढ़ा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में इस दिवाली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आरे मिल्क कॉलोनी के यूनिट क्रमांक 25 स्थित खांबांचा पाड़ा में आयोजित इस कार्यक्रम में मंत्री लोढ़ा ने आदिवासी परिवारों के साथ संवाद किया और उनके साथ दिवाली की खुशियां मनाईं। इस पहल के अंतर्गत लोढ़ा फाउंडेशन के माध्यम से मरम्मत कर उपयोग के योग्य बनाई गई साइकिलें और खिलौने जरूरतमंद बच्चों को वितरित किए गए। साथ ही बच्चों को दिवाली का फराल, पटाखे, बिस्कुट और शैक्षणिक सामग्री भी दी गई।
शहर के नागरिकों से उपयोग में नहीं आने वाली वस्तुएं एकत्रित कर लोढ़ा फाउंडेशन के माध्यम से उनकी मरम्मत की जाती है। इसके बाद साइकिल और खिलौनों जैसी वस्तुएं जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाई जाती हैं। उन्होंने भविष्य में हर वर्ष अलग-अलग आदिवासी पाड़ों में दिवाली मनाने का संकल्प भी व्यक्त किया। प्रकृति के सान्निध्य में आदिवासी भाई-बहनों के साथ दिवाली मनाने का अनुभव अब तक की दिवाली की सबसे खास यादों में से एक है, ऐसा भी उन्होंने कहा।
कार्यक्रम में आदिवासी भाई-बहनों ने पारंपरिक तारपा नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इस नृत्य का उत्साह देखकर मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा भी स्वयं को नृत्य में शामिल होने से रोक नहीं पाए। उन्होंने आदिवासी भाई-बहनों के साथ तारपा नृत्य का आनंद लिया। साथ ही छोटे बच्चों के साथ पटाखे फोड़े और घर-घर जाकर दिवाली के फराल का वितरण कर त्योहार की खुशियों को दोगुना कर दिया।इस अवसर पर नगरसेविका प्रीति साटम, वनवासी कल्याण आश्रम के कार्याध्यक्ष सुशील जाजू सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में आदिवासी भाई-बहन उपस्थित थे। मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने आदिवासी पाड़े के छोटे बच्चों के साथ पटाखे फोड़कर दिवाली की खुशियां मनाईं। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर नागरिकों को दिवाली के फराल का वितरण किया।
Comments
Post a Comment