रामगढ़ शेखावटी नागरिक परिषद का दीपावली स्नेह सम्मेलन उल्लास के साथ संपन्न

रामगढ़ शेखावटी नागरिक परिषद का दीपावली स्नेह सम्मेलन उल्लास के साथ संपन्न
मुंबई। रामगढ़ शेखावटी नागरिक परिषद, मुंबई की ओर से प्रतिवर्ष परंपरागत रुप से होने वाला दीपावली स्नेह सम्मेलन मालाड पश्चिम में डी.जी.खेतान स्कूल के सभागृह में धूमधाम से मनाया गया। मुंबई में बसे रामगढ़ शेखावाटी मूल के परिवारों ने सपरिवार बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। समारोह में आपसी मेल-मिलाप, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और प्रीतिभोज के माध्यम से सामाजिक एकता और पारिवारिक सौहार्द का सुंदर संदेश दिया गया।
सम्मेलन के संयोजक पवनकुमार शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन और प्रयासों से समाज के लोगों को एक मंच पर आने, आपसी संबंधों को मजबूत करने और नई पीढ़ी को अपनी सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिला। इस अवसर पर रामगढ़ शेखावाटी समाज के वरिष्ठ नागरिक पंडित रमेश महर्षि और सांवरमल सोनी का विशिष्ट सम्मान किया गया।साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वालों और मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक सरावगी, विनोद मिश्रा (बीजेपी सचिव, मुंबई), नवीन पंसारी, बुद्धिप्रकाश वर्मा व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
पवनकुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, महिलाओं, युवाओं और बच्चों का स्वागत करते हुए आयोजन में सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी में अपनी जड़ों के प्रति जुड़ाव बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम का संचालन त्रिलोक सिरसलेवाला ने किया। समारोह में गीत-संगीत, नृत्य और झांकियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों और युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली। संस्था के अध्यक्ष विजय कुमार लोहिया, कार्यकारी अध्यक्ष देवेंद्र कुमार जैन, महामंत्री सुशील कुमार प्रहलादका, कोषाध्यक्ष रघुवीर प्रसाद गोयनका, उपाध्यक्ष गणेशमल जोशी एवं नंदकिशोर जौहरी, संयुक्त सचिव प्रमोद कुमार पुजारी, संगठन मंत्री मधुसूदन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।
परिषद ने प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ डॉक्टरों, इंजीनियरों, सीए, सीएस, वकीलों, एमबीए तथा एसएससी और एचएससी परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया। 
श्री शर्मा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत को पहचान देना और समाज की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम की सफलता में परामर्शदाता सीताराम खेतान, सुरेश पंसारी, राजेन्द्रकुमार (जे.पी.) शर्मा, रविकुमार सैनी और ओमप्रकाश पोद्दार का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Comments

Popular posts from this blog

हिन्दी प्रवक्ता पद का कार्यभार ग्रहण किया

शिक्षा द्वारा हजारों बच्चों की जिंदगी बनाने वाली राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका सुश्री ललीता गुलाटी का दु:खद निधन

सिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने किया विद्यालय का नाम रोशन