लगी है भीड़ गंगा तट छठी त्योहार आ जाते।। *------ मुक्तक कार गिरीश कुमार गिरीश*

लगी है भीड़ गंगा तट छठी त्योहार आ जाते।। 

*------ मुक्तक कार गिरीश कुमार गिरीश*
लगी है भीड़ गंगा तट छठी त्योहार आ जाते।। 
बहुत बेचैन हूँ उमड़ा हुआ है प्यार आ जाते।। 
तुम्हारे संग मै भी अर्घ अर्पित माँ को कर लेती-
प्रतिक्षा रत मेरी आखें मेरे सरकार आ जाते।।

खनक चूड़ी की कंगन नथ गले का हार व्याकुल है।। 
चमक आखों की गायब रूप का श्रृंगार व्याकुल है।।
चले आओ तुम्हारे बिन मेरा मन अब नहीं लगता-
तुम्हें कैसे बताऊँ मै हृदय का प्यार व्याकुल है।।

लगा मेला नदी तट पर नदी की धार व्याकुल है।। 
दिया बाती है व्याकुल आरती श्रृंगार व्याकुल है।।
अधूरी है मेरी पूजा प्रतिक्षारत मेरी आँखें-
तुम्हारे बिन मेरे साजन मेरा संसार व्याकुल है।।

ये कजरा और गजरा व्यर्थ है श्रृंगार सूना है।। 
कहूँ किससे व्यथा बोलो हृदय संसार सूना है।। 
 मेरा सिन्दूर विदिया और मेरे घुघरू बुलाते हैं-
तुम्हारे बिन मेरे प्रियतम मेरा घर बार सूना है।।

अगर आ जाते तो जी भर के हम दीदार कर लेते।। 
अधूरे स्वप्न अपने सार्थक साकार कर लेते।। 
मेरी आँखे बहुत तरसी हुई हैं एक जमाने मे-
हमारी प्यास बुझ जाती मुहब्बत प्यार कर लेते।।

खिले हैं फूल सतरंगी सुकोमल खार लगता है।। 
अकेला पन खटकता ज़िन्दगी अब भार लगता है।। 
मुझे अच्छा नहीं लगता प्रथायें जी रही हूँ मैं-
तुम्हारे बिन मेरा श्रृंगार भी अंगार लगता है।।

नहीं करना था जो बस क्यों उसी को आप करते हैं।। 
विवश होकर के वाणी से निरन्तर पाप करते हैं।। 
दुखी कर्मो से हैं अपने किसी को दोष क्या देंगे-
हमेशा हाथ मलते और पश्चाताप करते हैं।।

कमी महसूस करता हूँ समर्पित कर नहीं पाये।। 
स्वयं को श्रद्धा से चरणों में अर्पित कर नहीं पाये।। 
भटकता ही रहा मैं भ्रमित हो कर आज तक सचमुच-
चला था मै भी तर्पण करने तर्पित कर नहीं पाये।। 

स्वयं को मोह में आ कर के वर्जित कर नहीं पाये।। 
जिसे पाना था उसको आप अर्जित कर नहीं पाये।। 
इसारा भी किया मैनें इसारा तुम नहीं समझे-
जिसे था छोड़ना उसको विसर्जित कर नहीं पाये।। 

घृणा करती नहीं सबसे मधुर व्यवहार करती है।। 
वो चेतन और अचेतन से सहज मनुहार करती है।। 
 धरा आकाश पर्वत नदी नाले प्रकृति पर निर्भर-
स्वयं सजती संवरती है स्वयं श्रृंगार करती है।।

कोई पत्ता नहीं हिलता कभी पर्वत भी हिलते हैं।। 
इसारे पर प्रकृति के फूल मुरझाते हैं खिलते हैं।। 
नहीं वश में किसी के विवश कर देती है जब चाहे-
प्रकृति के चाहने से ही धरा आकाश मिलते हैं।।

नदी नाले तलैइया ताल सागर मेघ भरते हैं।। 
प्रकृति के चाहने से नीर और अंगार झरते हैं
ये पतझड़ और बहारें भी प्रकृति की देन है जग को-
प्रकृति के प्रति नमन् झुक कर सदा आभार करते हैं।।

प्रकृति तपती है तब जाकर अमृत बरसात करती है।। 
अमावस तो कभी वो पूनमी मधु रात करती है।। 
अगर महसूस करना चाहते हैं प्रेम से मिल कर-
निकट जा करके देखो तो हृदय से बात करती है।।

एकजुट हुये नाराज क्यों विपक्ष आज है।। 
मछली की आंख सत्ता बनी लक्ष्य आज है।। 
कुछ देशी कुछ विदेशी षड्यंत्र रच रहे-
संकट महान देश के समक्ष आज है।।


शह क्या दिया कि सर पे मेरे लोग चढ़ गये।। 
 जड काटना है मेरे ही चक्कर में पड़ गये।। 
बच सकते नहीं वक्त का बस इन्तजार है-
चुभने लगे हैं आंख में मेरी वो गड़ गये।।

आ गया है वक्त अब रूख मोड़ देना चाहिए।। 
दोगलों का बेहिचक मुंह तोड़ देना चाहिए।। 
जिनको वंदे मातरम् से बैर है परहेज भी-
ऐसे गद्दारों को भारत छोड़ देना चाहिए।। 

फूलों को कभी भूल कर के खार न समझो।। 
दिल की किताब है मेरे अख़बार न समझो।। 
‌करते नहीं व्यापार मुहब्बत में हम कभी-
घर है मेरा गिरीश ये बाजार न समझो।।

 हार हीरे का कंगन अंगूठी हो तुम।। 
सच अनोखी बहुत हो अनूठी हो तुम।। 
पास आओ बताओ क्यों नाराज हो-
किस लिये बेवजह मुझसे रूठी हो तुम।।

लहरों के थपेड़ों से पात पात हैं हिले।। 
आंखों की झील में मेरे जलजात हैं खिले।। 
कैसे कटी है रात ये मधुकर से पूछिये-
मिल पाये नहीं थे जो विकल प्रात है मिले।।

------------9919667469
_-----------गिरीश जौनपुर

Comments

Popular posts from this blog

हिन्दी प्रवक्ता पद का कार्यभार ग्रहण किया

शिक्षा द्वारा हजारों बच्चों की जिंदगी बनाने वाली राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका सुश्री ललीता गुलाटी का दु:खद निधन

सिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने किया विद्यालय का नाम रोशन