हिन्दी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग में पुस्तक लोकार्पण समारोह आयोजित
हिन्दी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग में पुस्तक लोकार्पण समारोह आयोजित
लखनऊ, 28 नवंबर 2026।
विरासत को प्राप्त करना ही नहीं, उसे सँभालकर रखना भी आवश्यक है — सुशील कुमार श्रीवास्तव
हनुमान प्रसाद पोद्दार भारतीय ज्ञान-परंपरा के महत्त्वपूर्ण संवाहक — प्रो. पवन अग्रवाल
ऐषणाओं से परे था हनुमान प्रसाद पोद्दार का व्यक्तित्व — प्रो. योगेन्द्र प्रताप सिंह
भारतीय संस्कृति के संरक्षण में पोद्दार जी का योगदान अविस्मरणीय — पद्मश्री डॉ. विद्याबिंदु सिंह
आज दिनांक 28 नवंबर 2026 को लखनऊ विश्वविद्यालय के हिन्दी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग द्वारा सुशील कुमार श्रीवास्तव की पुस्तक ‘हिंदू धर्म के हनुमान : हनुमान प्रसाद पोद्दार’ के लोकार्पण समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के समाजकार्य विभाग स्थित राधाकमल मुखर्जी सभागार में किया गया। समारोह में साहित्य, शिक्षा एवं भारतीय संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े विद्वानों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की तथा हनुमान प्रसाद पोद्दार के व्यक्तित्व, साहित्यिक अवदान और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. सुधा मिश्रा द्वारा किया गया। उन्होंने पूरे समारोह को सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली ढंग से आगे बढ़ाते हुए विभिन्न वक्ताओं का परिचय प्रस्तुत किया तथा उनके विचारों को श्रोताओं तक क्रमबद्ध रूप से पहुँचाया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विभागाध्यक्ष प्रो. पवन अग्रवाल ने अपने स्वागत भाषण में सभी सम्मानित अतिथियों, शिक्षकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने हनुमान प्रसाद पोद्दार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को भारतीय ज्ञान-परंपरा की समृद्ध विरासत का महत्त्वपूर्ण संवाहक बताते हुए कहा कि पोद्दार जी का जीवन भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और साहित्यिक साधना के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने पुस्तक की विषयगत प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए पोद्दार जी के योगदान को समझने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
पुस्तक के लेखक सुशील कुमार श्रीवास्तव ने अपने वक्तव्य में कहा कि हनुमान प्रसाद पोद्दार ने भारतीय संस्कृति एवं परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने अपने साहित्यिक योगदान के माध्यम से भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का कार्य किया। लेखक ने उनके साहित्यिक अवदान का उल्लेख करते हुए बताया कि उन्होंने 106 पुस्तकों की रचना की तथा अंग्रेज़ी सहित विभिन्न भाषाओं में लेखन और संपादन के माध्यम से साहित्य को समृद्ध किया। इसके बावजूद यह विडंबना है कि हनुमान प्रसाद पोद्दार को आज साहित्यकारों की प्रमुख श्रेणी में वह स्थान प्राप्त नहीं है, जिसके वे अधिकारी हैं।
उन्होंने कहा कि हनुमान प्रसाद पोद्दार द्वारा दिए गए साहित्यिक अवदान को आज पढ़ने, समझने और नई पीढ़ी तक पहुँचाने की आवश्यकता है। विरासत केवल प्राप्त कर लेना पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसे सहेजकर रखना और अगली पीढ़ी तक हस्तांतरित करना भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है। इसी दृष्टि से हनुमान प्रसाद पोद्दार के साहित्य एवं सांस्कृतिक योगदान का पुनर्पाठ आवश्यक है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश साहित्य सभा के प्रधानमंत्री श्री सर्वेश अस्थाना ने पुस्तक के महत्त्व पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस पुस्तक की भूमिका लिखी है। भूमिका में उन्होंने हनुमान प्रसाद पोद्दार के व्यक्तित्व एवं उनके सांस्कृतिक अवदान को रेखांकित करते हुए कहा कि ‘पोद्दार’ शब्द का उच्चारण भी उन्हें गीता और गायत्री की पवित्रता का बोध कराता है।
पुस्तक की समीक्षक एवं प्रख्यात शिक्षाविद् श्रीमती शोभा वाजपेयी ने अपने वक्तव्य में हनुमान चालीसा की पंक्ति—‘बुद्धिहीन तनु जानिके, सुमिरौं पवन-कुमार। बल बुद्धि विद्या देहु मोहिं, हरहु कलेस विकार।’—का उल्लेख करते हुए कहा कि शायद ही कोई ऐसा व्यक्ति होगा, जो दिन में कम-से-कम एक बार इन पंक्तियों का स्मरण न करता हो। उन्होंने इस संदर्भ में हनुमान प्रसाद पोद्दार के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने और उन्हें जनसामान्य तक पहुँचाने में उनका महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने विरासत के संरक्षण के संदर्भ में कहा कि किसी परंपरा या विरासत को प्राप्त करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे उचित रूप में सँभालकर अगली पीढ़ी तक पहुँचाना भी आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने पुस्तक के संपादन एवं समीक्षा के दौरान पाठ की शुद्धता और प्रामाणिकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म से संबंधित साहित्य का पाठ शास्त्रसम्मत, व्याकरणिक दृष्टि से शुद्ध एवं प्रामाणिक होना चाहिए तथा उसकी व्याख्या में मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
श्रीमती वाजपेयी ने हनुमान प्रसाद पोद्दार की भाषा-दृष्टि पर चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने मूल भाषा (Source Language) और लक्ष्य भाषा (Target Language) के बीच अर्थ एवं भाव के स्तर पर न्यूनतम अंतर बनाए रखने का प्रयास किया। उन्होंने साहित्य की व्यापक अवधारणा पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि केवल वही साहित्य महत्त्वपूर्ण नहीं होता, जो बाजार में बिकता है; जो साहित्य समय के साथ ठहरकर चिंतन और मनन की प्रेरणा देता है, उसका भी अपना विशिष्ट महत्त्व होता है।
अपने वक्तव्य में उन्होंने एक संस्कृत सुभाषित—
‘अमन्त्रं अक्षरं नास्ति, नास्ति मूलमनौषधम्।
अयोग्यः पुरुषो नास्ति, योजकस्तत्र दुर्लभः॥’
का उल्लेख करते हुए कहा कि कोई भी अक्षर ऐसा नहीं है, जिसमें मंत्र बनने की संभावना न हो; कोई भी वनस्पति ऐसी नहीं है, जिसमें औषधीय गुण न हों और कोई भी व्यक्ति पूर्णतः अयोग्य नहीं होता। आवश्यकता केवल एक योग्य योजक की होती है, जो उसकी क्षमता को पहचानकर उसे सही दिशा प्रदान कर सके। उन्होंने इस सुभाषित को हनुमान प्रसाद पोद्दार के व्यक्तित्व और उनके साहित्यिक-सांस्कृतिक योगदान के संदर्भ में प्रासंगिक बताया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित भारतीय प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं उत्तर प्रदेश शासन के सलाहकार श्री अवनीश कुमार अवस्थी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनसे गीता प्रेस जाने तथा हनुमान प्रसाद पोद्दार के व्यक्तित्व, विचारों और सांस्कृतिक योगदान को निकट से समझने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर बल दिया कि विद्यार्थियों को यह जानना चाहिए कि पोद्दार जी ने भारतीय सांस्कृतिक एवं वैचारिक परंपराओं के संरक्षण और प्रसार के लिए किस प्रकार कार्य किया। उन्होंने गीता प्रेस को भारतीय ज्ञान एवं साहित्यिक विरासत के संरक्षण का महत्त्वपूर्ण केंद्र बताते हुए कहा कि इसकी भूमिका को समझना नई पीढ़ी के लिए आवश्यक है।
श्री अवस्थी ने पुस्तक के महत्त्व को रेखांकित करते हुए इसे विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रम में सम्मिलित किए जाने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि बदलते समय और विद्यार्थियों की बौद्धिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम में संशोधन एवं परिमार्जन की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहकर पुस्तकों के व्यापक अध्ययन, स्वाध्याय और भारतीय ज्ञान-परंपरा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हिन्दी तथा आधुनिक भारतीय भाषा विभाग की वरिष्ठ आचार्य प्रो. अलका पांडे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि हनुमान जी के सेवाभाव, समर्पण और निःस्वार्थ कर्म की साकार अभिव्यक्ति के रूप में हनुमान प्रसाद पोद्दार का व्यक्तित्व हमारे सामने उपस्थित होता है। ऐसे विलक्षण व्यक्तित्व का स्मरण करना भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपरा के महत्त्वपूर्ण पक्षों को पुनः समझने का अवसर है।
उन्होंने पोद्दार जी के बहुआयामी व्यक्तित्व की व्याख्या करते हुए उनके भीतर विद्यमान चार विशिष्ट रूपों का उल्लेख किया। प्रथम रूप में उन्होंने आदि शंकराचार्य की भाँति धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार तथा धर्म के मूल स्वरूप को जनसामान्य तक पहुँचाने के उनके प्रयासों को रेखांकित किया। द्वितीय रूप में याज्ञवल्क्य के व्यक्तित्व से साम्य स्थापित करते हुए जीवन से जुड़े प्रश्नों, विचारों तथा कथनी और करनी की एकरूपता पर उनके विशेष आग्रह को स्पष्ट किया। तृतीय रूप में तुलसीदास और सूरदास की परंपरा का उल्लेख करते हुए उनकी बुद्धि, भाव-संवेदना और भक्ति-चेतना के समन्वय को रेखांकित किया। वहीं चतुर्थ रूप में मीरा और चैतन्य महाप्रभु की भाँति राधा-माधव की प्रेममयी लीला के प्रति उनकी आध्यात्मिक अनुरक्ति और कृष्णभक्ति की भावभूमि को प्रस्तुत किया।
प्रो. पांडे ने अपने वक्तव्य में संस्कृत के सूत्र ‘सं देश तमम लभते’ का भी उल्लेख किया, जिसके माध्यम से उन्होंने ज्ञान, साधना और जीवन में उच्चतर उपलब्धि प्राप्त करने के लिए उचित दृष्टि एवं निरंतर प्रयास के महत्त्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि हनुमान प्रसाद पोद्दार का व्यक्तित्व धर्म, दर्शन, भक्ति, संवेदना और जीवन-मूल्यों का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत करता है।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. योगेन्द्र प्रताप सिंह ने हनुमान प्रसाद पोद्दार के जीवन एवं साहित्यिक अवदान पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य का अध्ययन किस दृष्टि से किया जाना चाहिए तथा साहित्यिक कृतियों के गूढ़ भावों को किस प्रकार समझना और आत्मसात करना चाहिए, इसकी प्रेरणा पोद्दार जी के जीवन और कृतित्व से प्राप्त होती है। उन्होंने पोद्दार जी के निजी जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनके सादगीपूर्ण जीवन, वैचारिक प्रतिबद्धता, त्याग और आध्यात्मिक निष्ठा को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि पोद्दार जी समस्त ऐषणाओं (कामना एवं सांसारिक आकांक्षाओं) से परे थे। इसी संदर्भ में उन्होंने भारत रत्न जैसे सर्वोच्च सम्मान को स्वीकार न करने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उनके निस्पृह व्यक्तित्व और निष्काम कर्मभाव को विशेष रूप से रेखांकित किया। प्रो. सिंह ने कहा कि पोद्दार जी का जीवन इस बात की प्रेरणा देता है कि साहित्य-साधना का वास्तविक उद्देश्य केवल प्रतिष्ठा अर्जित करना नहीं, बल्कि समाज और संस्कृति के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना है।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दिनेश चंद्र अवस्थी ने अपने वक्तव्य में हनुमान प्रसाद पोद्दार के साहित्यिक एवं सांस्कृतिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने गीता प्रेस के विकास और उसके विस्तार में पोद्दार जी की महत्त्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक साहित्य के प्रकाशन और प्रसार को अपना जीवन-ध्येय बनाया। उन्होंने पोद्दार जी के प्रयासों को भारतीय ज्ञान एवं सांस्कृतिक परंपरा के संरक्षण की दृष्टि से महत्त्वपूर्ण बताया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रख्यात शिक्षाविद् प्रो. हरिशंकर मिश्रा ने अपने वक्तव्य में ध्यान, साधना और आध्यात्मिक विवेक के महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए संस्कृत सूत्र ‘ध्याने ध्याने तद्रूपता’ का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निरंतर ध्यान करते हुए साधक उसी स्वरूप को आत्मसात करने लगता है, जिसका वह ध्यान करता है। किंतु ध्यान के विषय का चयन करने के लिए विवेक का होना भी आवश्यक है। उन्होंने शंकराचार्य के विचारों का संदर्भ देते हुए प्राप्त उपलब्धियों और संपदा के संरक्षण की आवश्यकता पर भी चर्चा की। आगे उन्होंने स्पष्ट किया कि ध्यान की अवस्था में द्वैत का स्थान नहीं होता, क्योंकि साधना का केंद्र एक ही आराध्य स्वरूप होता है। इसी संदर्भ में उन्होंने बताया कि हनुमान प्रसाद पोद्दार राधा-माधव की उपासना-परंपरा से जुड़े होने के बावजूद ध्यान के केंद्र में श्रीकृष्ण के स्वरूप को रखते थे। इस प्रकार उन्होंने पोद्दार जी की भक्ति-दृष्टि और आध्यात्मिक साधना के विशिष्ट पक्ष को स्पष्ट किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं वर्तमान में सुशांत विश्वविद्यालय, गुरुग्राम के कुलाधिपति प्रो. जयशंकर मिश्र ने अपने संबोधन में हनुमान प्रसाद पोद्दार के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनकी धर्म के प्रति निष्ठा और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पण को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि किसी प्रतिष्ठित व्यक्तित्व के जीवन और योगदान पर शोधपरक कार्य करना अपने आप में एक महत्त्वपूर्ण एवं सराहनीय प्रयास है। इस संदर्भ में उन्होंने पुस्तक के लेखक सुशील कुमार श्रीवास्तव के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए पुस्तक को एक महत्त्वपूर्ण ज्ञान-स्तंभ की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ पुरुष जिस प्रकार का आचरण करते हैं, समाज के अन्य लोग भी उसका अनुसरण करते हैं। इस दृष्टि से पोद्दार जी का जीवन समाजसेवा, सांस्कृतिक संरक्षण और भारतीय परंपराओं के प्रति समर्पण की प्रेरणा प्रदान करता है।
मुख्य समागत के रूप में उपस्थित पद्मश्री डॉ. विद्याबिंदु सिंह ने अपने संबोधन में हनुमान प्रसाद पोद्दार के भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में दिए गए योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और भारतभूमि की सांस्कृतिक चेतना को अक्षुण्ण बनाए रखने में पोद्दार जी की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर इतिहास के विभिन्न पक्षों को लेकर अनेक प्रकार की धारणाएँ प्रस्तुत की गईं, वहीं गीता प्रेस ने भारतीय इतिहास, धर्म और संस्कृति की मूल चेतना को जनसामान्य तक पहुँचाने का महत्त्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने गीता प्रेस के योगदान को अत्यंत स्मरणीय बताते हुए कहा कि गीता, रामचरितमानस तथा भारतीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक ग्रंथों के महत्त्व से नई पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है। युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और जीवन-मूल्यों से जोड़ने के लिए ऐसे साहित्य का अध्ययन और प्रसार किया जाना चाहिए। उन्होंने मंचासीन सभी वक्ताओं द्वारा व्यक्त विचारों एवं पुस्तक के माध्यम से किए गए इस महत्त्वपूर्ण प्रयास की सराहना भी की।
कार्यक्रम के अंत में आभार ज्ञापन करते हुए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्री दयानंद लाल जी ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, वक्ताओं, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से व्याख्यान के अंत तक उपस्थित रहकर वक्ताओं के विचारों को सुनने वाले सभी श्रोताओं का आभार जताया। साथ ही उन्होंने सभी वक्ताओं के विचारों की सराहना की और कार्यक्रम के कुशल संचालन की प्रशंसा की। उन्होंने पुस्तक के लेखक सुशील कुमार श्रीवास्तव को इस महत्त्वपूर्ण कृति के लिए बधाई देते हुए नई पीढ़ी से ऐसे अवसरों का लाभ उठाने, सकारात्मक दृष्टिकोण बनाए रखने तथा विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
Comments
Post a Comment