स्काउट एवं गाइड अनुशासन, सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम : चित्रसेन सिंह
स्काउट एवं गाइड अनुशासन, सेवा भाव और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम : चित्रसेन सिंह
जौनपुर। सीताराम सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज, त्रिकौलिया, खुटहन में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन दिवस पर छात्र-छात्राओं ने अद्भुत उत्साह, अनुशासन एवं टीम भावना का परिचय देते हुए स्वयं टेंट लगाए, सभी व्यवस्थाएँ संभालीं तथा मिलकर नाश्ता एवं भोजन तैयार कर अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं शिक्षकगणों को प्रेमपूर्वक परोसा। बच्चों की आत्मनिर्भरता, सहयोग एवं सेवा भावना ने पूरे विद्यालय परिसर में चार चाँद लगा दिए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल द्वारा सम्मानित एवं स्काउट-गाइड मुख्य आयुक्त रणजीत सिंह तथा मुंबई के उद्योगपति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता चित्रसेन सिंह उपस्थित रहे। चित्रसेन सिंह ने कहा कि स्काउट और गाइड बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सेवा-भाव और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। विशिष्ट अतिथि के रूप में मोहम्मद हुसैन इंटर कॉलेज, खानबडेपुर के प्रबंधक एवं बसपा नेता मोहम्मद तनवीर हुसैन की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय के संचालक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह के कुशल नेतृत्व में संपूर्ण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बिपिन कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक कृष्णा सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment