जनसेवी कार्य के लिए राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा ने किया बाबूलाल जैन का सम्मान
जनसेवी कार्य के लिए राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा ने किया बाबूलाल जैन का सम्मान
मुंबई। विगत चार दशकों से सामाजिक तथा धार्मिक कार्यों में सक्रिय राजस्थान सरकार द्वारा भामाशाह रत्न से अलंकृत वरिष्ठ समाजसेवी बाबूलाल जैन का सम्मान महाराष्ट्र के महामहिम राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा ने किया। महाराष्ट्र के राज भवन में वरिष्ठ समाजसेवी बाबूलाल जैन तथा वरिष्ठ पत्रकार राजेश उपाध्याय ने महामहिम राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा से मुलाकात कर उन्हें दीपावली पर्व की शुभकामना दी। मुलाकात के दौरान तमाम सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान बाबूलाल जैन ने राज्यपाल के समक्ष महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त किसानों की मदद के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा समाज के जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्य की जानकारी दी। राज्यपाल ने बाबूलाल जैन के सामाजिक कार्य को सराहते उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा भविष्य में भी ऐसे ही जनकल्याण के कार्य करते रहने की शुभकामना दी। गौरतलब हो कि भामाशाह बाबूलाल जैन द्वारा अपनी मातृभूमि राजस्थान के राजलदेसर में 15 एकड भूमि में भव्य हनुमान जी के मंदिर का निर्माण कराया गया है, साथ ही धर्मशाला का भी निर्माण कराया गया है, जहां वर्ष भर धार्मिक अनुष्ठान तथा महाभंडारे का आयोजन होता है। राजस्थान के राजलदेसर तथा आसपास के क्षेत्र में उनके द्वारा स्कूल, पुलिस स्टेशन भवन का निर्माण, जीर्णोद्धार, स्कूली बच्चों की शैक्षणिक मदद, विविध स्पर्धाओं का निजी खर्च पर आयोजन, जरूरतमंद परिवारों की मदद, गरीब परिवार के कन्या विवाह, विधवा महिलाओं के जीविकोपार्जन, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग समेत सभी तरह के सामाजिक दायित्वों के निर्वहन का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। अपनी कर्मभूमि मुंबई में वरिष्ठ समाजसेवी बाबूलाल जैन ने चातुर्मास के दौरान मुंबई के सभी जैन मंदिर में एक ही दिन पांच लाख समाज बंधुओं, बहनों को चौविहार (भोजन) कराने का अनूठा कीर्तिमान स्थापित किया, जो लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। मुंबई हो या राजस्थान, या फिर मोदी जी का गुजरात, शासन हो या प्रशासन, या फिर आम व्यक्ति, साल का कोई भी ऐसा दिन नहीं, कि बाबूलाल जैन की जनसेवा रुपी मदद से कम से कम समाज के अंतिम पायदान के दस-बीस लोग लाभान्वित न होते हों।
Comments
Post a Comment