22नवंबर, 2026 को मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की 87वीं जयंती पर विशेष लेख। अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाना यही नेताजी के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

22नवंबर, 2026 को मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की 87वीं जयंती पर विशेष लेख। 
अखिलेश यादव को प्रधानमंत्री बनाना यही नेताजी के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। 

अक्खड़ पहलवान से स्कूल मास्टर और फिर सियासत के 'नेताजी'। भूमिका जो भी रही हो, नेताजी ने हवा का रुख समझा, अखाड़े की संगत समझी, पहलवान परखा और उसके हिसाब से ही दांव लगाया। यही वजह थी कि सीएम की कुर्सी पर बैठने के बाद सियासत के तीन दशक में वें ताकतवर हुए हों या कमजोर, लेकिन कभी अप्रासंगिक नहीं रहे। नेताजी की चौंकाने की कला जिसे 'चरखा दांव' कहा गया बड़े-बड़ों को धूल चटाती थी। सियासी हवा को भांपने की नेताजी की क्षमता 16वीं लोकसभा के आखिरी दिन भी दिखी थी, उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम बनने का आशीर्वाद दिया था। जिस समय उनके सुपुत्र अखिलेश यादव की अगुआई में सपा, बसपा से गठबंधन कर अस्तित्व बचाने में लगी थी, नेताजी का यह बयान पूरे विपक्ष को असहज कर गया। नतीजा नेताजी के 'आशीर्वाद' के अनुकूल ही आया। हालांकि, 2014 के लोकसभा चुनाव में जब नरेंद्र मोदी नेताजी को 56 इंच का सीना दिखा रहे थे, तब भी शपथ ग्रहण में उन्हें अमित शाह ने हाथ पकड़कर अगली कुर्सी पर बिठाया था। वहीं, सैफई परिवार पर भ्रष्टाचार के जुबानी आरोपों के अलावा भाजपा की सरकारों ने नेताजी और अखिलेश यादव  को निजी तौर पर असहज करने वाला कदम कभी नहीं उठाया था। अस्सी के दशक में यूपी में कांग्रेस की जमीन दरकने लगी थी। इस दौर में बिखरा विपक्ष एक हुआ और चार दलों को मिलाकर जनता दल बना था। 1989 में हुए विधानसभा चुनाव में जनता दल को 425 में 208 सीटें मिलीं, यानी बहुमत से थोड़ी कम थी। जनता दल में मुख्यमंत्री पद के दो दावेदार थे- पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे अजित सिंह और नेताजी। वीपी सिंह भी अजित सिंह के पक्ष में थे और नेताजी को उपमुख्यमंत्री का ऑफर था, लेकिन बाजी पलट गई। फैसला गुप्त मतदान से हुआ और अजित की टीम में सेंध लगाकर नेताजी ने समर्थन अपने पक्ष में कर लिया था। नेताजी 5 दिसंबर 1989 को पहली बार सीएम बने। दिलचस्प बात यह थी कि नेताजी की सरकार को बाहर से भाजपा ने समर्थन दिया था। अंतर्विरोध और भीतरघात से भरी इस सरकार के सामने पहला संकट तब खड़ा हुआ था, जब अगस्त 1990 में अयोध्या में प्रस्तावित शिलान्यास को लेकर द्वारकापीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती की गिरफ्तारी हुई थी। वहीं, वेस्ट यूपी में किसान नेता महेंद्र सिंह टिकैत और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी ने विरोध की आवाज बुलंद कर दी। उधर, भाजपा ने भी समर्थन वापस ले लिया था। इसी बीच केंद्र की राजनीति भी बदल रही थी। वीपी सिंह सत्ता से बाहर हो गए थे और चंद्रशेखर कांग्रेस के सहयोग से प्रधानमंत्री बन चुके थे। मौका देख अजित ने भी 90 विधायकों के साथ नेताजी को नेता मानने से इनकार कर दिया था। नेताजी ने चंद्रशेखर को साधा और जिस कांग्रेस को सत्ता से बेदखल किया था, उसी ने समर्थन देकर नेताजी की सरकार बचा ली थी।सबसे बड़े आश्चर्य की बात यह थी कि चंद्रशेखर देखते रह गए और समाजवादी पार्टी बन गई। 
लोहिया की संगत, चौधरी चरण सिंह की रंगत में आगे बढ़े नेताजी की राजनीति मौके को पहचान कर छोड़ने और जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ी। चरण सिंह के शिष्य नेताजी ने पहले अजित सिंह को सीएम बनने से रोका, वीपी सिंह से नाता तोड़ा और अब फिर चंद्रशेखर से भी अलग हो गए थे।नेताजी का कहना था कि केंद्रीय नेताओं को हम भीड़ और संसाधन देते हैं और वह हमें बोलने का सबक। अब हम अपना रास्ता खुद बनाएंगे।इस प्रकार से 4 अक्टूबर, 1992 को लखनऊ में ने समाजवादी पार्टी का गठन किया। नवंबर में हुए सम्मेलन में पदाधिकारियों की घोषणा हुई तो उसमें नाम न होने पर बेनी प्रसाद वर्मा रूठ कर घर बैठ गए।नेताजी उन्हें मनाकर सम्मेलन में लाए। छोड़ने और जोड़ने की कला के दम पर नेताजी की अगुआई में यह क्षेत्रीय दल राष्ट्रीय राजनीति में भी अहम हस्तक्षेप करता था। नई पार्टी बनाने के पहले नेताजी 1991 का चुनाव देख चुके थे। कमंडल से उपजी सियासत को पस्त करने के लिए मंडल ही रास्ता था। इसलिए नेताजी  ने मान्यवर कांशीराम की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाया। इसकी जमीन बना था इटावा लोकसभा का उपचुनाव।नेताजी के करीबी राम सिंह शाक्य समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार थे और कांशीराम बसपा के। राजनीतिक जानकार कहते हैं कि नेताजी ने अपने ही उम्मीदवार के खिलाफ बिना शोर-शराबे के प्रचार कर कांशीराम को जितवा दिया। यहां बने सपा-बसपा गठबंधन के बांध ने 1993 में रामलहर को बांध दिया था। सत्ता तो आई, लेकिन महत्वाकांक्षा की लड़ाई में यह दोस्ती लंबी नहीं चल सकी। 25 साल बाद नेताजी के उत्तराधिकारी उनके सुपुत्र अखिलेश यादव और कांशीराम की उत्तराधिकारी मायावती ने फिर दोस्ती दोहराई, लेकिन नतीजा 'शून्य' रहा।
1999 में केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार गिर गई। तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी कई विपक्षी दलों का समर्थन पत्र लेकर राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। इसमें समाजवादी पार्टी  का भी नाम था, लेकिन सत्ता की आश्वस्त कांग्रेस को अगले दिन नेताजी ने करारा झटका दिया और सोनिया के 'विदेशी मूल' का मुद्दा उठाकर समर्थन देने से मना कर दिया। सोनिया की पीएम की राह रुक गई और देश को चुनाव में उतरना पड़ा। राजनीति में 'अनिश्चितता' के प्रतीक बन चुके नेताजी  ने 2004 में फिर चौंकाया। उनके दूत बनकर अमर सिंह यूपीए के लिए सपा का समर्थन पत्र लेकर पहुंच गए, लेकिन धोखा खा चुकीं सोनिया ने उन्हें उलटे पांव लौटा दिया।फिर क्या था नेताजी ने भाजपा को ही 'संकटमोचक' बना लिया। 
राजनीति में विरोधियों को भी कैसे 'समर्थक' बनाना है, नेताजी को इसमें महारथ हासिल था। अगस्त 2003 में बसपा-भाजपा के बिगड़ते रिश्तों के बीच मायावती ने विधानसभा भंग करने की सिफारिश कर दी। तत्कालीन राज्यपाल ने यह कहकर विधानसभा भंग नहीं की, क्योंकि भाजपा विधायकों ने पहले ही समर्थन वापस ले लिया था। नेताजी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया। बसपा के 13 विधायक नेताजी के समर्थन में आ गए। बसपा ने इन 13 विधायकों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की, लेकिन भाजपा नेता व तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष केशरीनाथ त्रिपाठी ने इसे लंबित रखा। राज्यपाल ने नेताजी को शपथ के लिए बुलाया तो भाजपा नेता लालजी टंडन ने इसे लोकतंत्र की जीत बताया। वहीं, अजित सिंह, कांग्रेस के अलावा धुर-विरोधी कल्याण सिंह की पार्टी भी नेताजी  के साथ आ गई। नेताजी ने केशरीनाथ को विधानसभा अध्यक्ष बनाए रखा और राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा उम्मीदवार का समर्थन भी किया। वास्तव में राजनीति के माहिर नेताजी की नेतागिरी कमाल की थी। वें कब किसे साथ ले लें और कब किसका साथ छोड़ दें। वैचारिक तौर पर नेताजी साथ रहें हो या खिलाफ, लेकिन सियासी समीकरण साधने के लिए नेताजी के लिए कोई 'अछूत' नहीं रहा। 2008 में मनमोहन सिंह सरकार अमेरिका के साथ न्यूक्लियर डील कर रही थी। विरोध कर रहे वामपंथी दलों के एक झंडाबरदार नेताजी भी थे, लेकिन एकाएक वह लेफ्ट को छोड़ कर डील के समर्थन में आ गए। वजह जो भी हो, लेकिन सियासी मंचों पर नेताजी और अखिलेश यादव दोनों ही कांग्रेस पर सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप लगाते रहे थे। 2012 में नेताजी राष्ट्रपति चुनाव में ममता बनर्जी के उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा के बाद कांग्रेस के पक्ष में आ गए थे। वास्तव में नेताजी अपने नाम के अनुसार मन से मुलायम, इरादे के लोहा थे। तमाम विशेषणों से पुकारे जाने वाले नेताजी कुश्ती की तरह राजनीति के अखाड़े में भी किसी धुरंधर पहलवान से कम नहीं थे। एक सामान्य परिवार से राजनीति के शिखर पर पहुंचे इस 'धरती पुत्र' का अपनी मिट्टी से लगाव ही जीत की आधारशिला बनता रहा। सामान्य कार्यकर्ताओं को भी नाम से पहचान कर 'मन से मुलायम' कहलाए तो 'लोहा इरादे' दिखाकर 'चरखा' दांव से राजनीति में बड़े-बड़ों को धराशायी भी किया। एक छोटे से गांव से देश-प्रदेश की अहम कुर्सियों तक पहुंचने का सफर तय करने वाले   नेताजी का जन्म 22 नवंबर, 1939 को इटावा जिले में सामान्य गरीब किसान परिवार में हुआ था। उनकी माता मूर्ति देवी और पिता सुघर सिंह यादव ने अभावों के बावजूद उन्हें आगे बढ़ने को प्रेरित किया। उनकी शुरुआती पढ़ाई आसपास के गांवों  में हुई। फिर इटावा के केके डिग्री कॉलेज से स्नातक कर आगरा यूनिवर्सिटी से एमए करने के बाद करहल इंटर कॉलेज में शिक्षण शुरू किया।वास्तव में अखाड़े से राजनीति में पहुंचे नेताजी का कहना था कि करहल के तत्कालीन विधायक नत्थू सिंह यादव उर्फ मेंबर साहब को पहलवानी का बड़ा शौक था। नेताजी भी उनके अखाड़े में दांव आजमाने लगे। उनके दांव-पेच से मेंबर साहब बहुत प्रभावित हुए और राजनीति में सक्रिय कर अपनी विधानसभा सीट से नेताजी को चुनाव में उतार दिया। इमरजेंसी के समय नेताजी 19 महीने जेल में रहे। जेल में उनके कार्य व्यवहार का जिक्र डॉ. राममनोहर लोहिया के सहयोगी कमांडर अर्जुन सिंह भदौरिया ने अपनी पुस्तक 'नींव के पत्थर' में किया है। उन्होंने लिखा कि वह युवा (मुलायम) आगे चलकर राज्य की बड़ी कुर्सी तक पहुंचेगा।शायद यही वजह थी कि नेताजी ने बड़े-बड़ों को  पटखनी दे दी। 
करहल के अखाड़े में सीखे दांव-पेच का शानदार प्रदर्शन उन्होंने मुख्यमंत्री रहते हुए कालीदास मार्ग स्थित सरकारी निवास पर भी किया। उन्होंने वहीं अखाड़ा जमाया और इमजरेंसी में जेल में रहे एक साथी को पटखनी दी। नेताजी ने अपने चरखा दांव से राजनीति में बड़े-बड़ों को पछाड़ा। कब, किससे और कैसे संबंध रखने हैं, इसे लोगों को नेताजी से सीखना चाहिए। खांटी समाजवादी नेताजी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी बड़े प्रशंसक थे। पीएम मोदी उनके गांव सैफई में एक पारिवारिक कार्यक्रम में भी पहुंचे थे। स्वर्गीय राजीव गांधी नेताजी को समर्थन देते रहे और तबके दिग्गज नेता नारायण दत्त दिवारी भी उनके बड़े सहयोगी रहे।यह वही गॉव है जो कभी डकैतों के लिए कुख्यात था। बीहड़ इलाके के  सैफई गांव में नेताजी ने शहरों जैसी सुविधाएं पहुँचा दी । फलस्वरूप उनकी जन्मस्थली धन्य हो गई।और उन्हें उनकी जन्म स्थली ने एक नहीं दो नही तीन बार सूबे का मुख्यमंत्री बनने का आशीर्वाद दे दिया।आम तौर पर बड़े ओहदे पर पहुंचते ही लोग अपनी जमीन भुला देते हैं, लेकिन नेताजी इस मायने में अपवाद रहे। उन्होंने बड़े ओहदे पर पहुंचने के बाद भी अपनी जन्मस्थली को भुलाया नहीं, बल्कि उसे अपने सपनों की तरह सजाया। सैफई में ऐसी सुविधाएं हैं, जिनसे कई नगर भी महरूम हैं।
प्रदेश को दो मुख्यमंत्री देने वाले यह गांव विकासखंड और कस्बे की यात्रा पूरी करते हुए तहसील का दर्जा पा चुका है। मैनपुरी और इटावा के बीच स्थित इस गांव में अब ब्लॉक और तहसील कार्यालय के साथ स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल, परिवहन के बेहतर साधन, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम और नाइट लैंडिंग की सुविधा वाली हवाई पट्टी भी है। हवाई पट्टी पर बोइंग जैसे बड़े जहाज भी उतर सकते हैं। स्टेडियम फ्लड लाइट युक्त और अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं वाला है। नेताजी के रक्षा मंत्री बनने के बाद यहां के रेलपथ को भी विकसित किया गया। खेल क्षेत्र की बात करें तो अंरराष्ट्रीय एथलेटिक्स स्टेडियम, स्विमिंग पूल, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम सैफई में विकसित किया गया। सैफई को लैपर्ड, बीयर, डियर सेंचुरी की मंजूरी दी जा चुकी है और इसे विकसित किया जा रहा है। नेताजी भले ही
 दल बदलते गए लेकिन दिल जोड़ते रहे।नेताजी के राजनीतिक गुरु नाथू राम ने जब 1967 के विधानसभा चुनाव में अपनी जसवंतनगर सीट का उत्तराधिकारी नेताजी को घोषित किया तो उन्होंने डॉ. राम मनोहर लोहिया से कहा- मैं आपको एक बहुत तेज युवा सौंप रहा हूं। इस पर डॉ. लोहिया ने कहा कि यही राजनीति में आने की सही उम्र है। तब नेताजी की उम्र 28 साल थी। वे संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतने वाले सबसे कम उम्र के विधायक थे।नेताजी का सियासी सफर संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी से शुरू हुआ, जो भारतीय किसान दल, भारतीय लोकदल (बीएलडी), लोकदल, जनता दल, जनता पार्टी से होता हुआ अपनी राजनीतिक पार्टी, समाजवादी पार्टी तक पहुंचा। इस दरम्यान सियासत करवटें बदलती रही। नेताजी दल बदलते रहे, लेकिन दिल जोड़ते रहे। इससे उनका कद बढ़ता रहा। व्यक्तित्व और राजनीतिक पहचान में नए आयाम जुड़ते रहे।जब लोहिया नहीं रहे तो बड़े चौधरी संग उन्होंने कदम बढ़ाया । वैसे वह 
वह दौर गैर कांग्रेसवाद का था। पिछड़ों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा उभरकर अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर रहा था। यह दौर तमाम राजनीतिक बदलावों का भी था।नेताजी के सामने चुनौती उन बदलावों में खुद को न केवल प्रासंगिक बनाए रखने की थी, बल्कि यूपी का चेहरा बनने की भी थी। साल 1967 में लोहिया के निधन के बाद संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी का असर कम होने लगा। नतीजा यह हुआ कि नेताजी1969 का चुनाव हार गए। यह दौर चौधरी चरण सिंह के राजनीतिक उभार का दौर था। नेताजी उनके साथ हो लिए। इंदिरा के शासन से नाराज सात दलों को एकजुट करके जब 1974 में बीएलडी बना तो नेताजी इसका अहम चेहरा थे। नेताजी के जुझारू तेवर को देखते हुए चरण सिंह उन्हें 'नन्हा नेपोलियन' कहते थे।वास्तव में नेताजी धुन के पक्के थे। उन्होंने कभी साधनों का रोना नहीं रोया। स्कूली दिनों से ही वे संगठन बनाने लगे थे और  गॉव  -गल्ली -मोहल्ले के लोगों को हमेशा एकजुट  करने के पक्षधर रहते थे। उनके बाल सखा प्रधान दर्शन सिंह यादव ने एक बातचीत के दौरान बताया था कि उन दोनों की रूचि पहलवानी में थी। अखाड़े के मुलायम को समाज की भी चिंता रहती थी। वे अक्सर कहते थे कि अपने गाँव के लोगों को एक रखो। जब कोई विवाद होता था तो उसे निपटाने में सबसे आगे रहते थे और जीवन के आखिरी वक्त तक इसके लिए हमेशा तैयार रहते थे।नेताजी राजनीति में कितने भी आगे बढ़ते गए हो, लेकिन दर्शन सिंह से उनकी दोस्ती हमेशा पहले जैसे ही रही।वास्तव में नेताजी सबके थे शायद यही वजह थी कि नेताजी तीसरी बार विधानसभा बीएलडी दल से पहुंचे। साल 1975 की इमरजेंसी में नेताजी के तेवर ने उनका कद राष्ट्रीय फलक पर बढ़ा दिया। जून 1975 से जनवरी 1977 तक वह जेल में रहे। जब इमरजेंसी हटी और नए चुनाव घोषित हुए तो गैर कांग्रेसी दलों की गोलबंदी हो रही थी। राष्ट्रीय फलक पर एकजुटता के दौर में नेताजी यूपी की नुमाइंदगी बराबर करते रहे और जमीनी पकड़ उन्हें राष्ट्रीय फलक पर पहचान देती रही।
   यही कारण था कि वे  लोकदल बनवाने के अगुआ भी बने। बात भले साठ के दशक से एक जैसी विचारधारा वाले राजनीतिक दलों को कांग्रेस के खिलाफ लामबंद करने की होती रही, लेकिन ये प्रयास ज्यादा कारगर नहीं हुए। 1988 के मध्य में चौधरी देवीलाल ने नैशनल फ्रंट बनाने का प्रस्ताव रखा। इस वक्त तक नेताजी राष्ट्रीय फलक पर थर्ड फ्रंट के अहम चेहरों में गिने जाने लगे थे। इस बात को देवीलाल के उस बयान से समझा जा सकता  है, जब उन्होंने कहा- 'यूपी राजनीतिक बदलाव में प्रमुख भूमिका अदा करता रहा है। वह आगे भी करता रहेगा।' बयान का इशारा नेताजी की तरफ था, क्योंकि नेताजी ही ऐसे कुछ लोगों में शामिल थे, जिन्होंने देवीलाल के इस प्रस्ताव का समर्थन किया था। इस बात को लेकर हेमवती नंदन बहुगुणा और देवीलाल के बीच तनातनी भी शुरू हो गई और लोकदल-बी (लोकदल का एक हिस्सा) देवीलाल के साथ हो गया। नेताजी ने राजनीतिक दलों को एकजुट करने की बागडोर अपने हाथ ले ली। अगस्त 1988 में देवीलाल ने एक अधिवेशन बुलाया, जिससे बहुगुणा ने दूरी बनाए रखी। इसके बाद लोकदल, जनता पार्टी और जन मोर्चा को मिलाकर 1 अक्टूबर 1988 को जनता दल बना। नेताजी इसके प्रदेश अध्यक्ष बने। इसी जनता दल से नेताजी 1989 में पहली बार सीएम बने। 90 के दशक में जब राम मंदिर आंदोलन जोर पकड़ रहा था, तब प्रदेश में इसके प्रतिरोध की आवाज नेताजी थे। अलग-अलग दलों के बनने और गैर कांग्रेसवाद के तमाम प्रयासों के गठजोड़ ने नेताजी का असर राष्ट्रीय फलक तक बढ़ाया। 1991 में जनता पार्टी के टिकट पर छठी बार विधानसभा पहुंचने के बाद, नेताजी बार-बार राजनीतिक दल बदलने से उकता चुके थे। उन्होंने अपना राजनीतिक दल बनाने का फैसला लिया। तमाम लोग इसके पक्ष में नहीं थे, क्योंकि एक नितांत क्षेत्रीय दल बनाने के बाद राष्ट्रीय मामलों में मौजूदगी प्रभावित होने का खतरा था। लेकिन, नेताजी ने 1992 में समाजवादी पार्टी बनाकर अपने कद को विस्तार दिया। वह एक जैसी विचारधारा के सभी राजनीतिक दलों को साथ लेकर चलते रहे। इसका असर यह हुआ कि पूरे देश में उनकी पैठ और साझा फैसलों में उनका मत महत्वपूर्ण होता गया। इसी का नतीजा था कि बिखरे दलों को साथ लाने की वजह से वे देश के रक्षा मंत्री बने। 
1995 तक नेताजी दो बार यूपी के सीएम रह चुके  थे। 1996 के लोकसभा चुनाव में किसी को बहुमत नहीं मिला। सबसे बड़ा दल रहे भाजपा को सरकार  बनाने का आमंत्रण मिला, लेकिन वह असफल रही। इसके बाद नेताजी ने अलग-अलग प्रदेशों के क्षेत्रीय दलों को एकजुट कर सरकार चलाने की - संभावनाओं पर काम शुरू किया। संयुक्त मोर्चा बना। कहा तो जाता है कि नेताजी पीएम पद की रेस में थे,  लेकिन दूसरे प्रदेशों के अपने ही राजनीतिक समकक्षों की वजह से ऐसा नहीं हो सका। आखिरकार हिंदी भाषी प्रदेश के लोगों के लिए अपरिचित नाम रहे एचडी देवेगौड़ा के नाम पर सहमति बनी। नेताजी को उनकी सरकार में रक्षामंत्री की जिम्मेदारी मिली। तब नेताजी प्रधानमंत्री बनते-बनते रह गये थे। लेकिन नेताजी के सुपुत्र उत्तर प्रदेश के पूर्व युवा मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एक न एक दिन अवश्य ही प्रधानमंत्री बनेंगे। उसका मूल कारण' यथा नाम तथा गुण' है। 
 वे समाज के हर वर्ग के विषय में गंभीरता से विचार करते हैं, फिर उसके अनुरूप विभिन्न हितकारी योजनाओं का सृजन करते हैं। 
इसका प्रत्यक्ष प्रमाण उनके मुख्यमंत्रीत्व काल में देखने को मिला है। उन्होंने मेहनतकश और गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वालों के लिए अपनी सरकार में सृजित योजनाओं के माध्यम से सम्मान का जीवन जीने का हर मार्ग तैयार किया। कमजोर वर्ग को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का हर संभव प्रयास किया।श्रमिकों को सस्ते मध्यान्ह्र भोजन की सौगात देने हेतु 1मई , 2016 को  योजना का शुभारंभ किया था।कामगारों को अपने घर से कार्य स्थल तक आने -जाने में कोई असुविधा न हो, इस उद्देश्य से उन्होंने चार लाख से अधिक साइकिलों का वितरण किया था। बुढ़ापे की साथी श्रमिक पेंशन भी दिया। गरीबों के मुफ्त इलाज के साथ ही 108 समाजवादी एम्बुलेंस सेवा सभी मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य सेवा स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के शुरू की थी। ई- रिक्शा, समाजवादी पेंशन योजना, लोहिया ग्रामीण आवास योजना, गर्भवती महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों के लिए ' हौसला पोषण योजना', महिला सुरक्षा के लिए महिला सम्मान प्रकोष्ठ, महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं समृद्धि हेतु ठोस कदम, मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के अंतर्गत 10लाख का लोन, समय-समय पर रोजगार मेलों का आयोजन किया। 
 साथ ही उन्होंने बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन का संबल दिया। वास्तव में भारत के साथ ही पूरी दुनिया की समझ रखने वाले अखिलेश यादव ने अपना जीवन साथी डिंपल को बड़ी समझदारी से चुना है।संसद में इनकी जोड़ी देखते ही बनती है। सभी को अपनी ओर आकर्षित करने वाले अखिलेश यादव  आज नहीं तो कल ठीक उसी तरह से  प्रधानमंत्री बनेंगे जिस तरह से मुख्यमंत्री बने थे। वास्तव में  अखिलेश यादव के पिताजी मुलायम सिंह यादव (नेताजी) के प्रति हम सभी की यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

✒ चंद्रवीर बंशीधर यादव
(लेखक महाराष्ट्र के शिक्षाविद्  एवं सामाजिक चिंतक हैं।) 

संपर्क:यादवेश को.हा.सो., देवकी शंकर नगर, लेक पथ, तुलशेत पाडा, भांडुप (पश्चिम), मुंबई-400078

मो.नं.09322122480

Comments

Popular posts from this blog

हिन्दी प्रवक्ता पद का कार्यभार ग्रहण किया

शिक्षा द्वारा हजारों बच्चों की जिंदगी बनाने वाली राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका सुश्री ललीता गुलाटी का दु:खद निधन

सिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने किया विद्यालय का नाम रोशन