वर्ष 2027 डायमंड ज्वेलरी उद्योग के लिए ‘रीसेट और ग्रोथ’ का वर्ष साबित होगा - संजय शाह

वर्ष 2027 डायमंड ज्वेलरी उद्योग के लिए ‘रीसेट और ग्रोथ’ का वर्ष साबित होगा - संजय शाह 
मुंबई। वर्ष 2026 डायमंड ज्वेलरी उद्योग के लिए बड़े संरचनात्मक बदलावों का वर्ष रहा है। एक ओर वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और भू-राजनीतिक तनाव के कारण ग्राहकों की खरीदारी में सतर्कता देखने को मिली है, वहीं दूसरी ओर ब्रांडेड, डिजाइनर और प्रमाणित ज्वेलरी की मांग में नए रुझान सामने आए हैं। प्राकृतिक हीरों (नेचुरल डायमंड) के मुकाबले लैब-ग्रोन डायमंड (LGD) की बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने भी उद्योग के सामने नई चुनौतियां खड़ी की हैं। ऐसे में वर्ष 2027 डायमंड ज्वेलरी उद्योग के लिए ‘रीसेट और ग्रोथ’ का वर्ष साबित होगा। यह विश्वास ज्वेल मेकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. संजय जीवनलाल शाह ने व्यक्त किया। उद्योग की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. संजय शाह ने कहा कि आने वाले समय में विश्वास, गुणवत्ता, पारदर्शिता और आकर्षक डिजाइन ये चार प्रमुख आधार वैश्विक डायमंड ज्वेलरी बाजार की दिशा तय करेंगे। आज ग्राहक केवल आभूषण नहीं खरीदते, बल्कि उसकी गुणवत्ता, प्रमाणिकता, ब्रांड वैल्यू और विश्वसनीयता को भी समान महत्व देते हैं।
उन्होंने कहा कि डायमंड ज्वेलरी उद्योग मुख्य रूप से निर्यात आधारित और वैश्विक बाजार से जुड़ा हुआ है। इसलिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली भू-राजनीतिक अस्थिरता, वैश्विक टैरिफ और बदलती व्यापार नीतियों का सीधा असर भारतीय कारोबार पर पड़ता है। इन परिस्थितियों में निर्यातकों के लिए उत्पादन लागत, नए ऑर्डर और बाजार की योजना बनाना चुनौतीपूर्ण हो गया है। भारत को अब एक या दो बाजारों पर निर्भर रहने के बजाय अमेरिका, यूरोप, मिडिल ईस्ट और एशिया के विभिन्न देशों में निर्यात के अवसर बढ़ाकर अपने बाजारों का विस्तार करना होगा। डॉ शाह ने कहा कि वर्तमान में उद्योग के सामने सबसे बड़ी चुनौती केवल कच्चे माल की लागत नहीं, बल्कि हीरों की कीमतों, बाजार की मांग और कार्यशील पूंजी के बीच संतुलन बनाए रखना है। हीरों की कीमतों में उतार-चढ़ाव, ग्राहकों का सतर्क रवैया और लंबा इन्वेंटरी चक्र निर्माताओं एवं व्यापारियों पर वित्तीय दबाव बढ़ा रहा है। विशेष रूप से छोटे और मध्यम उद्योगों (MSME) के लिए सरल प्रक्रिया के माध्यम से उचित ब्याज दर पर कार्यशील पूंजी उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। आधुनिक तकनीक के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. शाह ने कहा कि भविष्य के ज्वेलरी उद्योग की कल्पना आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीक के बिना संभव नहीं है। प्रोडक्ट डिजाइनिंग से लेकर ग्राहकों की पसंद का विश्लेषण, इन्वेंटरी मैनेजमेंट, मार्केटिंग और बिक्री तक हर क्षेत्र में AI की भूमिका तेजी से बढ़ रही है। तकनीक के प्रभावी उपयोग से न केवल उत्पादन लागत कम होगी, बल्कि ग्राहकों को उनकी पसंद के अनुसार व्यक्तिगत खरीदारी का बेहतर अनुभव भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत की वर्षों पुरानी पारंपरिक कारीगरी और अत्याधुनिक तकनीक का समन्वय देश की सबसे बड़ी ताकत बन सकता है। भारतीय कारीगरों की असाधारण कुशलता को आधुनिक डिजाइन और तकनीक से जोड़कर भारत वैश्विक ज्वेलरी बाजार में अपनी मजबूत पहचान स्थापित कर सकता है।
डॉ. संजय शाह ने कहा कि आगामी 12 महीनों में भारत के पास विश्वस्तरीय कुशल कारीगरों, विशाल उत्पादन क्षमता और अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता को वैश्विक ब्रांडिंग से जोड़ने का अभूतपूर्व अवसर है। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में स्थिरता आने के साथ घरेलू खपत और निर्यात दोनों क्षेत्रों में सुधार की उम्मीद है। विशेष रूप से युवा ग्राहकों में ब्रांडेड ज्वेलरी, नए डिजाइन, व्यक्तिगत पसंद के आभूषण और डिजिटल कॉमर्स के बढ़ते प्रभाव से उद्योग को नई गति मिलेगी। सरकार और उद्योग जगत की संयुक्त जिम्मेदारी पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि निर्यात नीतियों का सरलीकरण, MSME क्षेत्र को सस्ती दरों पर ऋण, कारीगरों के लिए कौशल विकास, तकनीकी निवेश और GST प्रक्रियाओं को अधिक सरल बनाना समय की मांग है।
डॉ. संजय जीवनलाल शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत के पास प्रतिभाशाली कारीगरों, मजबूत उत्पादन क्षमता और उद्यमियों की प्रतिबद्धता जैसी अमूल्य संपत्ति है। यदि पारंपरिक कारीगरी को आधुनिक तकनीक, गुणवत्ता और वैश्विक ब्रांडिंग से जोड़ा जाए, तो ‘मेड इन इंडिया’ केवल एक उत्पाद की पहचान नहीं, बल्कि विश्वसनीयता और उत्कृष्टता का वैश्विक प्रतीक बन सकता है।
उन्होंने कहा कि उचित रणनीति, दूरदर्शी सोच और सरकार एवं उद्योग के संयुक्त प्रयासों से भारतीय डायमंड ज्वेलरी उद्योग का भविष्य अत्यंत उज्ज्वल है। वर्ष 2027 इस दिशा में नई संभावनाओं, नए निवेश और विकास के नए अध्याय की शुरुआत करेगा।

Comments

Popular posts from this blog

हिन्दी प्रवक्ता पद का कार्यभार ग्रहण किया

शिक्षा द्वारा हजारों बच्चों की जिंदगी बनाने वाली राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका सुश्री ललीता गुलाटी का दु:खद निधन

सिटी इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने किया विद्यालय का नाम रोशन