डॉ. किरण खन्ना को अंतरराष्ट्रीय पंकस अकादमी अवार्ड-2026 से किया गया सम्मानित
डॉ. किरण खन्ना को अंतरराष्ट्रीय पंकस अकादमी अवार्ड-2026 से किया गया सम्मानित
जालंधर, पंजाब। पंजाब कला साहित्य अकादमी 'पंकस', जालंधर के 30वें वार्षिक अकादमी अवार्ड वितरण समारोह में गुरु नगरी अमृतसर की अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त साहित्यकार एवं शिक्षाविद् डॉ. किरण खन्ना को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पंकस अकादमी अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। 22 नवंबर 2026 को लायंस क्लब परिसर, जालंधर में आयोजित भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान उनकी कलात्मक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक सक्रियता तथा विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ उनके प्रभावी योगदान के लिए प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि पंजाब कला साहित्य अकादमी (पंकस) साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित एक प्रतिष्ठित संस्था है। वर्ष 1987 में स्थापित तथा 1995 में पंजीकृत यह संस्थान हिंदी, पंजाबी एवं अन्य भारतीय भाषाओं के साहित्यकारों, कवियों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों को एक साझा मंच प्रदान करता है। अकादमी प्रतिवर्ष भव्य समारोह आयोजित कर देश के विभिन्न राज्यों की प्रतिभाओं को सम्मानित करती है। इसके अतिरिक्त कवि सम्मेलन, साहित्यिक संवाद, प्रतिभा सम्मान एवं पुस्तक विमोचन जैसे आयोजन भी नियमित रूप से किए जाते हैं। संस्थान की अध्यक्षता प्रख्यात बुद्धिजीवी सिमर सदोष निरंतर निभा रहे हैं।
समारोह में अकादमी के अध्यक्ष सिमर सदोष ने डॉ. किरण खन्ना की उपलब्धियों का विस्तृत परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने भारत सरकार के उच्च शिक्षा मंत्रालय की भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित पहल, केन्द्रीय हिन्दी संस्थान आगरा, लेखक गाँव देहरादून, भारतीय भाषा मंच तथा कथा यूके, लंदन सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ डॉ. खन्ना की सक्रिय सहभागिता और साहित्यिक योगदान की सराहना की।
अकादमी के निदेशक एवं प्रतिष्ठित सर्जन डॉ. जगदीप सिंह, नरेश मेहरा, महासचिव डॉ. आशा शैली एवं श्री सुकांत सफरी के साथ राजेंद्र बेरी, प्रिंसिपल डॉ. अनुप वत्स और डॉ. सुनील कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में डॉ. किरण खन्ना सहित नेपाल, गुजरात, जम्मू-कश्मीर तथा देश के विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, कलाकारों, शिक्षाविदों और बुद्धिजीवियों को विभिन्न सम्मानों से अलंकृत किया गया।
डॉ. किरण खन्ना को प्राप्त यह सम्मान उनकी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक साधना का उल्लेखनीय प्रतिफल है। उनके सम्मान से अमृतसर सहित हिंदी साहित्य और शिक्षा जगत में हर्ष एवं गौरव का वातावरण है।
Comments
Post a Comment