मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने धर्मा प्रोडक्शंस को दी 1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने धर्मा प्रोडक्शंस को दी 1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि
मुंबई। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने FICCI FRAMES 2026 के मंच से मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के साथ अपने जुड़ाव को और मजबूत किया। राज्य की फिल्म पर्यटन नीति के तहत मध्यप्रदेश में फिल्माई गई ‘Dhadak 2’ के लिए धर्मा प्रोडक्शंस को ₹1.75 करोड़ की फिल्म प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। यह राशि धर्मा प्रोडक्शंस के CEO अपूर्व मेहता को मध्यप्रदेश शासन के पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने मुंबई स्थित ग्रैंड हयात के ग्रैंड बॉलरूम में प्रदान की। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की।
इस अवसर पर डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि मध्यप्रदेश की वास्तविक ताकत यहां के लोग और उनकी आतिथ्य भावना है। उन्होंने कहा कि वित्तीय प्रोत्साहन, अनुकूल नीतियों और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के साथ राज्य फिल्म निर्माताओं को बेहतर लोकेशन, स्थानीय सहयोग और सुविधाजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। FICCI FRAMES के एंबेसडर और अभिनेता आयुष्मान खुराना ने मध्यप्रदेश में शूटिंग के अपने अनुभव को बेहद खास बताया। डॉ. इलैयाराजा टी. से बातचीत के दौरान उन्होंने फिल्म ‘डॉक्टर जी’ की शूटिंग को याद करते हुए भोपाल की खूबसूरती, झीलों और स्थानीय लोगों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश का प्राकृतिक और सांस्कृतिक परिवेश शूटिंग अनुभव को यादगार बनाता है।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड ने फिल्म टूरिज्म एवं AVGC-XR विषय पर इंडस्ट्री राउंडटेबल का आयोजन भी किया। इसमें फिल्म निर्माता, प्रोड्यूसर, OTT प्लेटफॉर्म और मीडिया-मनोरंजन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। फिल्म लोकेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर, अनुमतियां, प्रोडक्शन सपोर्ट, प्रतिभा विकास और निवेश जैसे विषयों पर चर्चा हुई।इसके अलावा धर्मा प्रोडक्शंस, वार्नर ब्रदर्स डिस्कवरी इंडिया, अमेज़न प्राइम वीडियो, जियोस्टार, राजश्री प्रोडक्शंस, होम्बले फिल्म्स, दृश्यम फिल्म्स और रॉय कपूर फिल्म्स सहित प्रमुख संस्थानों के साथ B2B बैठकें भी हुईं।
Comments
Post a Comment