दिल्ली के वरिष्ठ कवि डॉ ओंकारनाथ त्रिपाठी का मुंबई में भव्य सम्मान
दिल्ली के वरिष्ठ कवि डॉ ओंकारनाथ त्रिपाठी का मुंबई में भव्य सम्मान
मुंबई। काव्यसृजन न्यास एवं अखिल भारतीय काव्य मंच के संयुक्त तत्वावधान में दिल्ली से पधारे वरिष्ठ कवि डॉ ओंकारनाथ त्रिपाठी के सम्मान में सांताक्रुज ईस्ट, मुंबई स्थित मौलाना अबुल कलाम आजाद हॉल में एक गरिमामय एवं भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हौसिला प्रसाद ‘अन्वेषी’ ने की तथा संचालन ओमप्रकाश तिवारी ने प्रभावशाली ढंग से किया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ ओंकारनाथ त्रिपाठी मंचासीन रहे। विशिष्ट अतिथियों में प्रो. डॉ दयानंद तिवारी, निडर जौनपुरी एवं सौ. कुसुम तिवारी ‘झल्ली’ की उपस्थिति से मंच की शोभा बढ़ी। संस्था द्वारा सभी अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। अपने उद्बोधन में प्रो. डॉ दयानंद तिवारी ने कहा कि डॉ ओंकारनाथ त्रिपाठी आज राष्ट्रीय ख्याति के कवि के रूप में स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि ओंकार जी की काव्य साधना, वैचारिक गहराई और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत रचनाएँ उन्हें देशभर में विशिष्ट पहचान दिला रही हैं। डॉ तिवारी ने आगे कहा कि ऐसे रचनाकार केवल साहित्य नहीं रचते, बल्कि समाज को दिशा देने का कार्य करते हैं। मुंबई में उनका यह सम्मान समस्त साहित्य प्रेमियों के लिए गौरव का विषय है। सरस्वती वंदना के पश्चात आयोजित काव्य पाठ में वरिष्ठ एवं युवा कवियों ने अपनी विविध रचनाओं से उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अध्यक्ष महोदय ने सभी रचनाकारों की सारगर्भित समीक्षा करते हुए उनके साहित्यिक योगदान की सराहना की।
अल्प समय में संपन्न यह आयोजन साहित्यिक ऊष्मा, आत्मीयता और सृजनात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहा। अंत में संस्था के उपसचिव आनंद पाण्डेय ‘केवल’ ने सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment