देश में अराजकता फैलाने वाले कचरे’ को बाहर निकालना जरूरी : मंगलप्रभात लोढ़ा
देश में अराजकता फैलाने वाले कचरे’ को बाहर निकालना जरूरी : मंगलप्रभात लोढ़ा
मुंबई। देशभर में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसके साथ ही समाज और देश में अराजकता फैलाने वाली प्रवृत्तियों की भी सफाई आवश्यक है। ऐसी प्रवृत्तियां देश के लिए कचरे के समान हैं और उन्हें बाहर निकालना लोकतंत्र की रक्षा के लिए जरूरी है, ऐसा वक्तव्य कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी, मलबार हिल विधानसभा क्षेत्र की ओर से महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर गांवदेवी स्थित मणि भवन परिसर में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए उपस्थित लोगों से संवाद किया। शिवाजी पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन का उल्लेख करते हुए मंत्री लोढ़ा ने आरोप लगाया कि इस प्रकार के आंदोलनों के माध्यम से देश में अराजकता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि झारखंड में पेपर लीक के मुद्दे पर आंदोलन हुआ, तब CJP के कार्यकर्ता वहां क्यों नहीं गए? उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के केंद्र में विद्यार्थियों का हित नहीं, बल्कि इसके माध्यम से विपक्ष अपना राजनीतिक हित साधने का प्रयास कर रहा है।मंत्री लोढ़ा ने कहा कि अपने आसपास के परिसर को स्वच्छ रखना किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी नागरिकों से अपने परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की है। स्वच्छता को केवल एक दिन के अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है, उन्होंने कहा। इस दौरान मंत्री लोढ़ा ने मणि भवन में महात्मा गांधी से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों का अवलोकन किया। गांधीजी के चरखे, टेलीफोन तथा अन्य ऐतिहासिक वस्तुओं के साथ खादी वस्त्रों की प्रदर्शनी भी देखी। इसके बाद उन्होंने मणि भवन के सामने स्थित सड़क पर आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
मुंबई महानगरपालिका के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग की ओर से भी ‘स्वच्छ भारत अभियान, स्वच्छ मुंबई–सुंदर मुंबई’ के संदेश के माध्यम से नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा की गई। महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उपस्थित लोगों ने गांधीजी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजाराम’ का सामूहिक गायन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। स्वच्छता अभियान में मुंबई महानगरपालिका के डी विभाग के अधिकारी, सफाई कर्मचारी तथा मणि भवन के कर्मचारी भी सहभागी हुए।
लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है और विपक्ष अपना विरोध जरूर दर्ज कराए, इस पर किसी को आपत्ति नहीं हो सकती। लेकिन विरोध के नाम पर देश में अराजकता पैदा करना उचित नहीं है। इससे संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास रखने वाले लोगों के सामने चुनौती खड़ी होती है। इसके पीछे विपक्षी दलों की साजिश है और ऐसी प्रवृत्तियों को विदेशों से भी बड़े पैमाने पर मदद मिल रही है,” ऐसा आरोप मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने लगाया।
Comments
Post a Comment