आजाद मैदान में साहित्य कला मंच पर बही काव्य की धारा
आजाद मैदान में साहित्य कला मंच पर बही काव्य की धारा
मुंबई। मुंबई की प्रतिनिधि साहित्यिक व सांस्कृतिक संस्था साहित्य कला मंच द्वारा आयोजित ऐतिहासिक 47वां अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सीएसटी रेलवे स्टेशन के सामने स्थित आजाद मैदान पर संपन्न हुआ। कवि सम्मेलन की शुरुआत हास्य सम्राट सुरेश मिश्र के बेहतरीन संचालन में ज्योति त्रिपाठी की सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद मुंबई में बनारसी सांड़ के नाम से मशहूर महेश दूबे ने अपनी हास्य कविताओं और 'ऐसे लोगों को भारत में रहने का अधिकार नहीं' जैसी तमाम कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उदयपुर राजस्थान से पधारे राव अजातशत्रु ने अपनी छोटी- छोटी फुलझड़ियों से खूब गुदगुदाया। उनकी अनेक पार्टियों के नेताओं पर लिखी कविताओं ने लोगों को लोट पोट कर दिया।अंत में रतलाम से आए वरिष्ठ कवि धमचक मुल्तानी ने हंसते हंसाते हुए संस्कारों की कविता सुनाकर लोगों का मन मोह लिया। सुरेश मिश्र की वंदेमातरम् कविता खूब सराही गई। इससे पूर्व महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने प्रभु श्रीराम, सीता, लक्ष्मण की आरती करके कार्यक्रम का उद्घाटन किया। साहित्य कला मंच के अध्यक्ष एड्. सुशील व्यास ने बताया कि इसी मंच पर दस दिनों तक रामलीला का आयोजन हो रहा है जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट हो रही है। कवि सम्मेलन के संयोजक सुरेश भरतिया ने सभी कवियों का स्वागत किया।चेयरमैन विश्वनाथ भरतिया, कार्याध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल, संस्था के महामंत्री विनय मिश्रा, कोषाध्यक्ष अनिल आर अग्रवाल, दीपक बूबना, राम किशोर दरक, एड्.त्रयंबक तिवारी , ट्रस्टी पवन शर्मा (शेखावटी),प्रदीप लाड़ीवाल, विवेक अग्रवाल, पवन खेतान, काटन ग्रीन आदर्श रामलीला समिति के अध्यक्ष पं. राधेश्याम मिश्र, ओएनजीसी के अधिकारी कपिल कुमार, पत्रकार संतोष दूबे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Comments
Post a Comment