डालमिया कालेज में मनाया गया हिंदी उत्सव और शिक्षक सम्मान समारोह
डालमिया कालेज में मनाया गया हिंदी उत्सव और शिक्षक सम्मान समारोह
मुंबई। प्रह्लादराय डालमिया लायंस कॉलेज के सभागृह में ‘शिक्षक सम्मान कार्यक्रम’ एवम् ‘हिन्दी दिवस उत्सव’ सामूहिक रूप से अनूठे अंदाज में मनाया गया। १२० पूर्णकालिक व अंशकालिक शिक्षकों का सम्मान उन्हें उपहार और पुष्प गुच्छ देकर किया गया ।कॉलेज के कर्णधार परिषद के महामंत्री लायन कन्हैयालाल घ.सराफ ने बड़े ही रोचक ढंग से अपना एक व्यंग लेख ‘कान-पुराण’ अपने चिरपरिचित चुटीले अंदाज में श्रोताओं की तालियों व हँसी के फव्वारों के बीच पढ़ा। दीप प्रज्ज्वलन, सरस्वती वंदना के साथ प्रारंभ हुए इस कार्यक्रम में हिन्दी के समर्थन मे १४ फलकों पर अंकित सूक्ति वाक्यों को छात्रों ने प्रदर्शित किया। हास्य–व्यंग्य के सशक्त हस्ताक्षर एवं कुशल मंच संचालक सुरेश मिश्र के एकल काव्य पाठ ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया और मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी कविता ' बेटी के नाम खत' ने अधिकांश श्रोताओं की आंखों को नम कर दिया। कॉलेज कर्णधार परिषद के महामंत्री लायन कन्हैयालाल घ. सराफ, लायन अशोक बैरागरा व लायन विकास क. सराफ ने हास्य सम्राट सुरेश मिश्र का सारस्वत सम्मान शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, समृद्धि पौधा व मानधन प्रदान कर किया। स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता में कु. शिवांगी मिश्रा, कु. निधिता यादव, कु. हर्षा माली छात्रों को क्रमशः प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार एवं कु. सुमन पाल को प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त हुआ।प्रा.डॉ. सुनिता पाल व छात्रा प्रकृति प्रकाश ने कार्यक्रम का संचालन व उपप्राचार्या प्रा. किरण मिश्रा ने अपने मनोगत व आभार प्रदर्शन में कॉलेज प्रबंधन की प्रशंसा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रा.संदीप गुप्ता, राजेश दुबे, श्रीमती पुनम पटवर्धन, सुशील यादव व छात्र प्रतिनिधि लियो हर्षित मिश्रा की अहम भूमिका रही ।
Comments
Post a Comment