जौनपुर में आनंदम योग एवं वेलनेस सेंटर का हुआ शुभारंभ
जौनपुर में आनंदम योग एवं वेलनेस सेंटर का हुआ शुभारंभ
जौनपुर। पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि योग हमारी भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण विरासत है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग लोगों को स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। वह नगर के सुहाग मैरिज हॉल के पास मुरादगंज रुद्रपुरम कॉलोनी सेक्टर-2 में स्थित आनंदम योग एवं वेलनेस सेंटर के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि गांव और शहर में योग तथा वेलनेस सेंटर होने से लोगों को नियमित योगाभ्यास के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलता है। ऐसे केंद्र समाज को स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
राष्ट्रीय हिन्दू भगवा वाहिनी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अंजना सिंह ने कहा कि महिलाओं के लिए योग और वेलनेस सेंटर विशेष रूप से उपयोगी हैं। योग के माध्यम से महिलाएं अपने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मविश्वास पर भी ध्यान दे सकती हैं। यदि प्रत्येक क्षेत्र में नियमित योग कक्षाएं और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हों तो परिवार और समाज दोनों को इसका लाभ मिलेगा। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की जरूरत है।
योग गुरु अचल हरिमूर्ति ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि शरीर, मन और जीवनशैली में संतुलन बनाने का माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित कर सकता है। योग सेंटर ऐसे स्थान हैं, जहां प्रशिक्षित मार्गदर्शन में लोग सही तरीके से योग सीख सकते हैं। वेलनेस सेंटर में योग के साथ स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देकर लोगों को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित किया जा सकता है।
पतंजलि नगर महिला योग समिति प्रभारी क्षमा सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवाओं को योग से जोड़ना आज की बड़ी आवश्यकता है। वेलनेस सेंटर के माध्यम से योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। ऐसे केंद्र केवल योग सीखने की जगह नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन के लिए सामुदायिक मंच बन सकते हैं। नियमित योगाभ्यास से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित होती है। अंत में योग प्रशिक्षक अर्जुन सिंह एवं त्रयम्बकं मिश्रा ने अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर डॉ. रमेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, पतंजलि स्वाभिमान प्रभारी शशिभूषण, जिला योग विस्तारक अमरनाथ, नंदलाल, समाजसेवी प्रदीप तिवारी, जगदीश यादव, योग प्रशिक्षिका रूपम शुक्ला एडवोकेट, शनि मोदनवाल, दिलशाद अहमद, आशुतोष मिश्रा व योग साधक उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment