गुजरात विश्वविद्यालय में हिन्दी माह समारोह -2026 का हुआ आयोजन
गुजरात विश्वविद्यालय में हिन्दी माह समारोह -2026 का हुआ आयोजन
अहमदाबाद। बुधवार को गुजरात विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग, भाषा भवन एवं केंद्रीय हिन्दी संस्थान, अहमदाबाद केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में हिन्दी माह 2026 के अंतर्गत विविध साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय हिन्दी संस्थान, अहमदाबाद केंद्र के निदेशक सुनील कुमार अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा मौलिक रचना-पाठ के दौरान निर्णायक की भूमिका निभाई। हिन्दी विभाग की प्रो. डॉ. निशा रमपाल, डॉ. राजेंद्र परमार एवं डॉ. वंदना भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का आरंभ पुस्तक प्रदर्शनी से हुआ। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी साहित्य के प्रति रुचि एवं पठन की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना था।विद्यार्थियों ने ‘मेरी पसंद की किताब’ गतिविधि के अंतर्गत अपनी प्रिय पुस्तकों के बारे में विचार प्रस्तुत किए। प्रथम सत्र में ‘मेरी पसंद की किताब’ एवं ‘मौलिक रचना-पाठ’ का संचालन शोधार्थी विजय एवं सेमेस्टर-1 के छात्र राहुल ने किया। मौलिक रचना-पाठ में विद्यार्थियों के साथ सुनील कुमार, डॉ. राजेंद्र परमार एवं डॉ. वंदना ने अपनी मौलिक रचनाएँ प्रस्तुति दी। द्वितीय सत्र में विद्यार्थियों द्वारा हिन्दी कवियों का काव्य-पाठ किया गया। इस सत्र के संचालन में शोधार्थी विजय के साथ सेमेस्टर-प्रथम की छात्रा दीप्ती जुड़ीं। तत्पश्चात् साहित्यिक अंताक्षरी एवं साहित्यिक प्रश्नोत्तरी का आयोजन हुआ ।समूचे कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा और साहित्य से जोड़ना तथा उनमें पठन, लेखन, सृजनात्मकता और साहित्यिक अभिरुचि का विकास करना रहा।
Comments
Post a Comment