रैग्स टू रेवरेंस: मंच पर जीवंत हुई चार्ली चैपलिन की जीवनगाथा
रैग्स टू रेवरेंस: मंच पर जीवंत हुई चार्ली चैपलिन की जीवनगाथा
पवार पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर अपनी विशिष्टता का परिचय देते हुए चार्ल्स स्पेंसर चैपलिन पर आधारित एक भावपूर्ण और कलात्मक वार्षिक दिवस समारोह का आयोजन किया। यह कार्यक्रम बुधवार, 29 अप्रैल 2026 को आचार्य प्रल्हाद केशव अत्रे रंगमंदिर में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिन्होंने मूक फिल्म युग के उस महान कलाकार को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनके अभिव्यक्ति की प्रतिभा पीढ़ियों से लोगों को प्रेरित करती आई है।
मुख्य अतिथि श्रीमती वीणा बंगेरा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस दोपहर ने गहन प्रशंसा और स्मृतियों का वातावरण निर्मित किया, जहाँ केवल एक कलाकार ही नहीं बल्कि संघर्ष पर विजय की अमिट विरासत का सम्मान किया गया।
विद्यार्थियों के प्रभावशाली व गर्वपूर्ण प्रस्तुतियों की श्रृंखला के माध्यम से चैपलिन की जीवन यात्रा ; जिसमें लंदन में गरीबी और कठिनाइयों से भरे बचपन से लेकर सिनेमा जगत के सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व बनने तक को दर्शाया गया।
मार्मिक नाट्यांशों, जीवंत प्रस्तुतियों और ऊर्जावान नृत्यों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उनके संघर्ष, धैर्य और कठिनाइयों के बीच हास्य खोजने की विलक्षण क्षमता को संवेदनशीलता से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की कथा सहजता से उनके सिनेमाई उत्कर्ष की ओर बढ़ी, जहाँ उनके अमर पात्र “द ट्रैम्प” को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। भावपूर्ण वॉयसओवर और प्रभावशाली संगीत ने दर्शकों को चैपलिन की उस दुनिया में पहुँचा दिया, जहाँ हँसी के पीछे अक्सर पीड़ा छिपी होती थी, फिर भी उनका आकर्षण सदैव अमर रहा।
कार्यक्रम का भव्य समापन भावनात्मक संगीत *Standing in Motion* से प्रेरित एक शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने इसे आधुनिक वाद्ययंत्रों और बीटबॉक्सिंग के अद्भुत समन्वय द्वारा पुनर्सृजित किया, जिसमें मानवीय आवाज़ को लय और अभिव्यक्ति की स्पंदित ध्वनि में बदल दिया गया—यह आज की युवा पीढ़ी की साहसिक और नवाचारी सोच का प्रतीक था। इस प्रस्तुति पर दर्शकों ने जोरदार तालियों से अभिनंदन किया।
सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती वीणा बंगेरा ने विद्यार्थियों की कला और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा:
“प्रस्तुति वास्तव में अत्यंत कुशल और मंत्रमुग्ध कर देने वाला था। प्रकाश व्यवस्था के प्रभाव ने उसे एक जादुई स्पर्श प्रदान किया, जिसने मुझे पूर्णतः आश्चर्यचकित कर दिया। ऐसी प्रस्तुति वास्तव में कल्पना से परे थी। इसमें सम्मिलित सभी लोगों द्वारा प्रदर्शित उत्कृष्ट टीमवर्क की मैं हृदय से सराहना करती हूँ।
मैं विशेष रूप से उन विद्यार्थियों से प्रभावित हुई, जिन्होंने संवाद न होने के बावजूद पूरी तरह सक्रिय रहकर अपने पात्रों में स्वयं को पूर्णतः समर्पित रखा। इस स्तर का समर्पण वास्तव में प्रशंसनीय है।
कार्यक्रम की संकल्पना अत्यंत प्रभावशाली थी और उसका क्रियान्वयन पूर्णतः त्रुटिहीन एवं सराहनीय रहा। 325 विद्यार्थियों के साथ ऐसी प्रस्तुति का प्रबंधन और समन्वय करना असाधारण उपलब्धि है। वास्तव में अद्भुत!"
यह दोपहर केवल एक श्रद्धांजलि नहीं थी, बल्कि दृढ़ता, जुनून और अजेय मानवीय आत्मा का उत्सव थी। अपने विद्यार्थियों को निरंतर प्रोत्साहित और मार्गदर्शित करते हुए पवार पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि साधारण प्रारंभ भी ऐसी विरासत गढ़ सकते हैं, जिसे संसार सदैव सम्मान देता है।
Comments
Post a Comment