श्री. एम.डी. शाह महिला कॉलेज ऑफ़ ऑर्ट्स एंड कॉमर्स में 'प्रेम पंचमी' का सफल आयोजन
श्री. एम.डी. शाह महिला कॉलेज ऑफ़ ऑर्ट्स एंड कॉमर्स में 'प्रेम पंचमी' का सफल आयोजन
मुंबई :जन सेवा समिति द्वारा संचालित श्री. एम. डी. शाह महिला महाविद्यालय ऑफ कॉमर्स एंड आर्ट्स (स्वायत्त), मलाड के हिंदी विभाग की स्नातक एवं स्नातकोत्तर विभाग के द्वारा प्रेमचंद की जयंती के उपलक्ष्य में प्रेमपंचमी कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. दीपा शर्मा के कर-कमलों से हुआ। उन्होंने विद्यार्थियो को प्रेमचंद जी के साहित्य को पढ़ने और उनके द्वारा समाज को दिए गये जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर प्रेमचंद जी की कहानी 'सद्गति' पर आधारित फिल्म प्रदर्शित की गई। और विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ महेंद्र गुहा ने प्रेमचंद के जीवन और उनके साहित्य पर प्रकाश डाला उन्होंने विद्याथियों को बताया प्रेमचंद का साहित्य भारतीय समाज के यथार्थ जीवन का सजीव दर्पण है। उनके साहित्य में सामाजिक विषमता, गरीबी, शोषण, किसान-मजदूरों की समस्याएँ, नारी-जीवन तथा ग्रामीण संस्कृति का प्रभावी चित्रण मिलता है। उन्होंने सरल, सहज एवं प्रभावशाली भाषा-शैली के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक चेतना को अभिव्यक्त किया। उनके साहित्य में यथार्थवाद के साथ आदर्शवाद, राष्ट्रीय भावना और मानवतावादी दृष्टिकोण का सुंदर समन्वय दिखाई देता है। यही विशेषताएँ प्रेमचंद को हिंदी साहित्य का महान कथाकार बनाती हैं। इसके अलावा सप्ताह भर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं - कथा-कथन प्रतियोगिता, ऑनलाइन क्विज, 'प्रेमचंद का जीवन संघर्ष और सृजन यात्रा' विषय पर छात्र संगोष्ठी, पूर्व छात्रा डॉ. रंजना चौबे के साथ संवाद सत्र, कहानी 'कफ़न' पर आधारित क्विज और समापन दिवस पर महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रेमचंद की विभिन्न कहानियों पर नाट्य प्रस्तुति की गयी।
हिंदी विभाग प्रमुख डॉ. हीरल शादीजा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को प्रेमचंद के साहित्य और सामाजिक विचारों से जोड़ना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं और प्राध्यापकों ने भाग लिया।
Comments
Post a Comment