महाराष्ट्र सरकार ने रत्न एवं आभूषण उद्योग को दिया पूर्ण समर्थन का भरोसा

महाराष्ट्र सरकार ने रत्न एवं आभूषण उद्योग को दिया पूर्ण समर्थन का भरोसा
मुंबई।  महाराष्ट्र सरकार के कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने सोमवार को मुंबई के विले पार्ले (पूर्व) स्थित होटल सहारा स्टार में ज्वेल ट्रेंड्ज जेम्स एंड ज्वेलरी शो इंडिया (JTIGJS) 2026 के 22वें संस्करण का भव्य उद्घाटन किया।
ज्वेल ट्रेंड्ज द्वारा आयोजित यह छह दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय बी2बी प्रदर्शनी देश के रत्न एवं आभूषण उद्योग के सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक आयोजनों में से एक है। प्रदर्शनी में 150 से अधिक अग्रणी आभूषण निर्माता, 100 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल तथा भारत सहित 12 देशों से आए 5,000 से अधिक पंजीकृत रिटेलर्स, थोक व्यापारी एवं अंतरराष्ट्रीय खरीदार भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर अपने संबोधन में मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि रत्न एवं आभूषण उद्योग महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था का एक प्रमुख आधार है, जो लाखों लोगों को रोजगार प्रदान करने के साथ-साथ भारत के निर्यात में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार इस उद्योग के विकास के लिए कौशल विकास, नवाचार, आधुनिक तकनीक एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, कि राज्य सरकार रत्न एवं आभूषण उद्योग के साथ मजबूती से खड़ी है। उद्योग की दीर्घकालिक एवं सतत विकास यात्रा, रोजगार सृजन तथा भारत को वैश्विक जेम्स एंड ज्वेलरी हब बनाने के हर प्रयास में सरकार पूरा सहयोग देगी।
श्री लोढ़ा ने आगे कहा कि उद्योग से जुड़े लाखों कारीगरों एवं श्रमिकों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि महाराष्ट्र सरकार उद्योग संगठनों के साथ मिलकर आभूषण कारीगरों के लिए व्यापक बीमा, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना तैयार करने की दिशा में कार्य करेगी, ताकि उन्हें आर्थिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने उद्योग की सभी महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान तथा उसकी वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत बनाने का भी भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर ज्वेल ट्रेंड्ज के गोविंद वर्मा ने कहा कि JTIGJS केवल एक व्यापारिक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय रत्न एवं आभूषण उद्योग के भविष्य को नई दिशा देने वाला एक प्रभावशाली मंच है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के आयोजन में भारत और विदेशों के प्रमुख प्रदर्शक सोना, हीरा, जड़ाऊ, टेम्पल, एंटीक एवं फैशन ज्वेलरी के साथ-साथ लूज जेमस्टोन्स, अत्याधुनिक मशीनरी, नवीन पैकेजिंग समाधान तथा आधुनिक ज्वेलरी निर्माण तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शनी भारतीय उद्योग की नवाचार क्षमता, उत्कृष्ट शिल्पकला एवं वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता का सशक्त परिचय है।
ज्वेल मेकर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष  संजय जीवनलाल शाह ने कहा कि भारत के करोड़ों कुशल स्वर्णकार एवं हीरा कारीगर देश के रत्न एवं आभूषण उद्योग की वास्तविक शक्ति हैं। यदि उनके कौशल विकास, आधुनिक प्रशिक्षण, सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण एवं सम्मान पर विशेष ध्यान दिया जाए तो भारत वैश्विक स्तर पर आभूषण निर्माण का निर्विवाद नेतृत्व कर सकता है।
उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में देश-विदेश से आए व्यापारियों, खरीदारों एवं प्रतिनिधियों की अभूतपूर्व भागीदारी नए व्यापारिक अवसरों का सृजन करेगी तथा मुंबई को 'भारत की ज्वेलरी कैपिटल' के रूप में और अधिक मजबूत पहचान दिलाएगी।
संजय शाह ने बताया कि महाराष्ट्र के मालाड, बोरीवली एवं दहिसर स्थित हीरा उद्योग में लगभग 2 लाख हीरा कारीगर, 2 लाख स्वर्णकार तथा लगभग 1 लाख अन्य श्रमिक कार्यरत हैं, जिनका देश के निर्यात एवं विदेशी मुद्रा अर्जन में महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने आगे कहा कि उनका लक्ष्य केवल स्वर्ण आभूषण निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि कारीगरों को चांदी, प्लैटिनम एवं अन्य बहुमूल्य धातुओं के आभूषण निर्माण का भी प्रशिक्षण देकर उन्हें बहु-कौशल (Multi-Skilled) बनाना है। इससे हजारों कारीगर परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होंगे, संगठित उद्योग को मजबूती मिलेगी तथा भारत विश्व आभूषण उद्योग में अपनी अग्रणी भूमिका को और सुदृढ़ करेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उद्योग अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में कारीगरों के कौशल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा पर केंद्रित यह पहल उद्योग के उज्ज्वल एवं स्थायी भविष्य की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
यह छह दिवसीय प्रदर्शनी आगामी दिनों में निर्माताओं, थोक व्यापारियों, रिटेलर्स, निर्यातकों एवं अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों के लिए नए व्यावसायिक अवसर, नेटवर्किंग तथा वैश्विक सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बनेगी। JTIGJS 2026 से भारत की वैश्विक सोर्सिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान और अधिक मजबूत होने के साथ-साथ मुंबई की 'ज्वेलरी कैपिटल ऑफ इंडिया' की प्रतिष्ठा भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

Comments

Popular posts from this blog

*एन के ई एस स्कूल के विद्यार्थियों ने जीता कबड्डी प्रतियोगिता*

*शिक्षिकेला त्रास देऊन आत्महत्येस प्रवृत्त करणाऱ्या अधिकाऱ्यांवर कारवाई करा अन्यथा कामावर बहिष्कार टाकणार- सुभाष मोरे*

सीए परीक्षा में अनुष्का उमेश शुक्ला की शानदार सफलता