आचार्य बलदेव पीजी कॉलेज व मॉडर्न विंग्स में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
आचार्य बलदेव पीजी कॉलेज व मॉडर्न विंग्स में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस
जौनपुर। आचार्य बलदेव पीजी कॉलेज एवं मॉडर्न विंग्स पब्लिक स्कूल में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में देशभक्ति का ऐसा उत्साह देखने को मिला कि पूरा परिसर वंदे मातरम् और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आचार्य बलदेव पीजी कॉलेज के प्रबंधक तथा उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अनिल यादव ‘मैनेजमेंट गुरु’ ने विद्यालय के समस्त स्टाफ की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और सभी ने तिरंगे को सलामी देकर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सम्मान व्यक्त किया । ध्वजारोहण के बाद डॉ. अनिल यादव ने मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया और कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यालय के शिक्षकों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया, वहीं छात्र-छात्राओं ने भी अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनका माल्यार्पण किया। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं ने मधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके साथ ही अतिथियों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शिक्षकों, अभिभावकों और उपस्थित गणमान्य लोगों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की जमकर सराहना की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अनिल यादव ‘मैनेजमेंट गुरु’ ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। राष्ट्र के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में अनुशासन, जिम्मेदारी, संस्कार और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने जीवन में देशहित और समाजहित को प्राथमिकता दें तथा शिक्षा के माध्यम से अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि युवाओं में देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होगी तो भारत निश्चित रूप से और अधिक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र बनेगा।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अनिल यादव द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों को अंगवस्त्र एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर अतिथियों ने विद्यालय प्रबंधन के प्रति आभार जताया और विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सोनू पुजारी, मिथिलेश यादव, गोपाल शर्मा, डॉ. संजय यादव, डॉ. संतोष यादव, प्रमोद चौबे, राहुल यादव, संत यादव, अमन सिंह, डॉ. अन्नू, सोनी यादव, कुसुम, सिम्मी, खुशी, खुशबू, सुनीता, मीरा, निशा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति के नारों के बीच हुआ। विद्यालय परिसर में पूरे दिन स्वतंत्रता दिवस की खुशी और देशभक्ति का माहौल बना रहा।
Comments
Post a Comment