*एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय द्वारा डॉ. रेखा शेलार को ‘उत्कृष्ट राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी’ सम्मान*

*एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय द्वारा डॉ. रेखा शेलार को ‘उत्कृष्ट राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी’ सम्मान* 
एस.एन.डी.टी. महिला विश्वविद्यालय के १११ वें स्थापना दिवस के अवसर पर पुणे में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अनुसंधानपरक कार्यक्रमों के साथ भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा तथा महिला शिक्षा की समृद्ध विरासत का उत्सव अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस समारोह के दौरान महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा के करकमलों द्वारा भारत रत्न महर्षि धोंडो केशव कर्वे की पूर्णाकृति प्रतिमा का अनावरण किया गया। साथ ही ‘इनोवेशन महाकुंभ २.०’ का उद्घाटन, पीएच.डी. मोनोग्राफ का विमोचन तथा विविध शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विश्वविद्यालय की अनुसंधान एवं नवाचार आधारित उपलब्धियों का गौरवपूर्ण प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर महाराष्ट्र के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, कुलगुरु प्रो. उज्ज्वला चक्रदेव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
इस गरिमामय समारोह में श्रीमती मणिबेन एम. पी. शाह कला एवं वाणिज्य स्वायत्त महिला महाविद्यालय, मुंबई, जो विश्वविद्यालय का प्रथम संबद्ध महाविद्यालय है, के लिए यह विशेष गर्व का क्षण रहा। महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एन.एस.एस.) कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रेखा शेलार को उनके उल्लेखनीय, निरंतर एवं समाजोन्मुख कार्यों के लिए ‘उत्कृष्ट राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी’ के प्रतिष्ठित सम्मान से स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर अलंकृत किया गया। डॉ. रेखा शेलार वर्ष २००८ से राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। पिछले अठारह वर्षों में उन्होंने छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, पर्यावरण संरक्षण, ग्राम विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता अभियान, महिला सशक्तिकरण, मतदाता जागरूकता, आपदा प्रबंधन तथा विभिन्न समाजोपयोगी गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय सेवा योजना को प्रभावी दिशा प्रदान की है। उनके मार्गदर्शन में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग ने अनेक उल्लेखनीय सामाजिक उपक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन कर विश्वविद्यालय की सेवा एवं समाजोत्थान की परंपरा को और अधिक सुदृढ़ बनाया है।
डॉ. रेखा शेलार को प्राप्त यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि श्रीमती मणिबेन एम. पी. शाह कला एवं वाणिज्य स्वायत्त महिला महाविद्यालय, राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग तथा पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उनकी इस उपलब्धि पर, सेवा मंडल एजुकेशन सोसाइटी मैनेजमेंट, कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अर्चना पत्की, वाइस प्रिंसिपल, एन एस एस विभाग, प्राध्यापकगण, कर्मचारी, छात्राओं तथा पूर्व छात्राओं ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके भावी सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों के लिए मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं।

Comments

Popular posts from this blog

*एन के ई एस स्कूल के विद्यार्थियों ने जीता कबड्डी प्रतियोगिता*

सीए परीक्षा में अनुष्का उमेश शुक्ला की शानदार सफलता

शिक्षा द्वारा हजारों बच्चों की जिंदगी बनाने वाली राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रधानाध्यापिका सुश्री ललीता गुलाटी का दु:खद निधन