डॉ. नितिन रमेश गोकर्ण राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड के अध्यक्ष नियुक्त
डॉ. नितिन रमेश गोकर्ण राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड के अध्यक्ष नियुक्त
जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन में अपर मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. नितिन रमेश गोकर्ण को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। डॉ. गोकर्ण की पहचान एक ईमानदार, कर्मठ एवं दूरदर्शी प्रशासक के रूप में रही है। उनकी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति पर प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. नितिन रमेश गोकर्ण ने प्रशासनिक दायित्वों के साथ-साथ अकादमिक क्षेत्र में भी उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की है। शोधार्थी अश्वनी तिवारी ने मीडिया को बताया कि वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के प्रबन्ध संकाय के मानव संसाधन विकास विभाग से "The Influence of Leadership, Self-Efficacy and Organization Resources on Outcomes in a Digitalized Work Environment: A Study of Government Officers of Uttar Pradesh" विषय पर शोधकार्य पूर्ण कर पी-एच.डी. की उपाधि प्राप्त की है। उनका यह शोधकार्य मानव संसाधन विकास विभाग के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. अविनाश डी. पाथर्डीकर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
डॉ. नितिन रमेश गोकर्ण उत्तर प्रदेश शासन में प्रमुख सचिव, लोक निर्माण विभाग, वाराणसी मंडल के आयुक्त तथा वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर के कुलसचिव सहित अनेक महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनकी प्रशासनिक दक्षता, कार्यनिष्ठा एवं शैक्षणिक अभिरुचि उन्हें समकालीन प्रशासनिक परिदृश्य में विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।
Comments
Post a Comment