विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर अथर्वन फाउंडेशन एवं मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के एनसीसी विंग द्वारा वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित।
विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर अथर्वन फाउंडेशन एवं मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के एनसीसी विंग द्वारा वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित।
प्रयागराज। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर अथर्वन फाउंडेशन एवं मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की 1 यूपी मेडिकल कंपनी एनसीसी विंग के संयुक्त तत्त्वावधान में एक विशेष वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लेफ्टिनेंट डॉ. रीना सचान के संयोजन में परिसर में चिलबिल, पीपल सहित विभिन्न फलदार पौधों के कुल 8 पौधें रोपित किए गए। इस अवसर पर अथर्वन फाउंडेशन की मार्गदर्शक माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. उपमा नारायण ने उपस्थित विद्यार्थियों को "पर्यावरण संस्कार" विषय पर संबोधित करते हुए प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व एवं वृक्षों के संरक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
फाउंडेशन की सचिव डॉ. कंचन मिश्रा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा इनके मानव जीवन पर पड़ने वाले प्रभावों के विषय में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में एनसीसी मैदान में बीज कार्यशाला (सीड वर्कशॉप) आयोजित की गई, जिसमें बीज वितरण किया गया। प्रतिभागियों को पौधारोपण की वैज्ञानिक विधियों, पौधों की देखभाल तथा उनकी जीवित रहने की दर (सक्सेस रेट) बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अथर्वन फाउंडेशन की ओर से अर्चना वर्धन, डॉ. अर्चना मिश्रा एवं नीलम भूषण उपस्थित रहे। एनसीसी विंग के स्टाफ सदस्यों के साथ 200 से अधिक कैडेटों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
Comments
Post a Comment