एम.एम.पी. शाह महिला कॉलेज माटुंगा में प्रोजेक्ट उन्नति-2 के अंतर्गत कुशल काउंसलरों की नई पीढ़ी का निर्माण
एम.एम.पी. शाह महिला कॉलेज माटुंगा में प्रोजेक्ट उन्नति-2 के अंतर्गत कुशल काउंसलरों की नई पीढ़ी का निर्माण
मुंबई, माटुंगा स्थित सेवामंडल एज्युकेशन सोसायटी की पहल पर ‘प्रोजेक्ट उन्नति-2: सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्किल डेवलपमेंट ऑफ वूमेन स्टूडेंट्स’ के अंतर्गत श्रीमती एम.एम.पी. शाह महिला कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय माटुंगा के मनोविज्ञान विभाग द्वारा 30 घंटे के ‘पर्सन-सेंटर्ड थेरेपी प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम काउंसलिंग मनोविज्ञान में विशेषज्ञता प्राप्त कर रहे स्नातकोत्तर विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य भावी मानसिक स्वास्थ्य पेशेवरों को कार्ल रोजर्स द्वारा विकसित मानवतावादी दृष्टिकोण पर आधारित व्यावहारिक काउंसलिंग कौशलों से सुसज्जित करना था। इस प्रशिक्षण में मिस श्वेता मंगनानी जो कि ‘सुख बाय एस एच एम’ की संस्थापक हैं मुख्य वक्ता एवं विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित थीं। प्रशिक्षण में इंटरैक्टिव व्याख्यान, अनुभवात्मक गतिविधियाँ, चिकित्सीय भूमिका-अभिनय, आत्म-चिंतन अभ्यास, केस स्टडी तथा पर्यवेक्षित अभ्यास सत्र शामिल थे।
यह कार्यक्रम रोटरी क्लब ऑफ मुंबई क्वीन्स नेकलेस तथा दलाल एंड ब्रोचा स्टॉक ब्रोकिंग प्राइवेट लिमिटेड के सी. एस. आर. फंड के सहयोग से संभव हो सका। ‘उन्नति-1’ की उल्लेखनीय सफलता के बाद रोटरी के निरंतर सहयोग ने सेवा मंडल एजुकेशन सोसाइटी को उद्योगोन्मुख कौशल विकास कार्यक्रमों को और सशक्त बनाने तथा पारंपरिक शिक्षण स्थलों को तकनीक-सक्षम रोजगारोन्मुख केंद्रों में परिवर्तित करने में सहायता प्रदान की है।
यह प्रशिक्षण श्रृंखला श्रीमती मणिबेन एम पी शाह महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अर्चना पत्की के दूरदर्शी स्वप्न का परिणाम है, जिन्होंने सदैव महिला विद्यार्थियों के लिए कौशल विकास और अनुभवात्मक अधिगम के अवसरों को प्रोत्साहित किया है। उनके नेतृत्व ने मनोविज्ञान विभाग को देश के उत्कृष्ट विभागों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रशिक्षण में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को सहानुभूति, बिना शर्त सकारात्मक स्वीकृति, चिकित्सीय संवाद, सक्रिय श्रवण, आत्म-जागरूकता, भावनात्मक बुद्धिमत्ता तथा नैतिक परामर्श प्रक्रियाओं जैसे महत्वपूर्ण काउंसलिंग सिद्धांतों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षताओं को उल्लेखनीय रूप से विकसित किया तथा उन्हें काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों, अस्पतालों, पुनर्वास केंद्रों और अन्य संबंधित क्षेत्रों में करियर के लिए तैयार किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. माला पांडुरंग एवं कोऑर्डिनेटर श्री दत्तात्रय गावड़े के मार्गदर्शन में किया गया।
इस कार्यक्रम का आयोजन ‘प्रोजेक्ट उन्नति-2’ के अंतर्गत एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह छात्राओं के कौशल विकास, रोजगार क्षमता वृद्धि और समग्र शिक्षा के माध्यम से उन्हें सशक्त बनाने के प्रति सेवामंडल एज्युकेशन सोसायटी की प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करती है।
Comments
Post a Comment