डीएम मिथिलेश मिश्र ने कजरा पावर प्लांट का किया निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
डीएम मिथिलेश मिश्र ने कजरा पावर प्लांट का किया निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश
लखीसराय, बिहार। मुख्यमंत्री की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के सफल आयोजन एवं समुचित तैयारियों के मद्देनज़र जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र के निर्देशन में प्रखंड सूर्यगढ़ा अंतर्गत कजरा पावर प्लांट परिसर का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित सभी पदाधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान प्रशासनिक स्तर पर की जा रही तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल, सभा स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित की जाएं ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा जिले के विकास कार्यों को प्रदर्शित करने का एक महत्त्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार द्वारा संचालित प्रमुख विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों को आकर्षक और प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की समुचित व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉल, प्रदर्शनी सामग्री तथा योजनाओं से संबंधित सूचना पट्टों की तैयारी की भी समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का आकलन किया जाएगा।
बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभूनाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, नजारत उपसमाहर्ता पम्मी रानी, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल कुणाल कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, निदेशक एन.ई.पी. नीरज आनन्द, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी मृणाल रंजन, कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment