पेंशनर्स के स्नेह सम्मेलन में दिखा वरिष्ठों का उत्साह और जोश
पेंशनर्स के स्नेह सम्मेलन में दिखा वरिष्ठों का उत्साह और जोश
मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका पेंशनर्स एसोसिएशन की चेंबूर शाखा द्वारा सहकार नगर म्युनिसिपल स्कूल में स्नेह सम्मेलन एवं आनंद मेले का आयोजन बड़े उत्साह के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 135 वरिष्ठ नागरिकों की उपस्थिति रही, जहां उनका उत्साह और जोश युवा पीढ़ी को भी प्रेरित करने वाला था। पूरी शाम हंसी, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर नजर आई।रामनवमी के अवसर पर आशा साने द्वारा “कौसल्या का राम” गीत की प्रस्तुति दी गई, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया। वहीं चैत्र मास की सुगंध लिए सोनचाफा और पारंपरिक पेय ‘आम पन्हा’ ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
प्रवेश द्वार पर लगाए गए सेल्फी स्टैंड पर लिखा संदेश “We are retired, but not tired” और “Goodbye tension, hello pension” सभी को आकर्षित कर रहा था। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेते हुए इस पल को यादगार बनाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिंदू परंपराओं के पाडवा से लेकर होली तक के सभी त्योहारों की झलक नऊवारी वेशभूषा में प्रस्तुत की गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। “कानडा विठ्ठल” के जयघोष से वातावरण भक्ति रस में डूब गया। सुजाता जोशी के नृत्य ने यह साबित कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है। वहीं मंगला तिमाने द्वारा लिखित पत्र का वाचन भी विशेष आकर्षण रहा, जिसने महानगरपालिका के कार्यों की सराहना करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। यह पत्र महाराष्ट्र पत्र लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुका है। कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण इंटरनेट उपयोग में सावधानी को लेकर दिया गया मार्गदर्शन रहा। रोहित जगताप ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से डिजिटल सुरक्षा पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
इसके अलावा डॉ. पूनम पाटिल ने वरिष्ठ नागरिकों को मांसपेशियों और जोड़ों की देखभाल के लिए उपयोगी उपाय बताए और कुछ प्रायोगिक अभ्यास भी करवाए। इस अवसर पर अनिता कचरे, मंगला तिमाने और सुझाता जोशी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. मारुति नलावड़े के हाथों सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुंबई के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इस दौरान पेंशनर्स की समस्याओं, मेडिकल योजनाओं, आठवें वेतन आयोग और सदस्यों के कर्तव्यों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। महिला विभाग प्रमुख शिल्पा नाईक के नेतृत्व में चेंबूर शाखा के और अधिक प्रगति करने का विश्वास व्यक्त किया गया। अंत में संत ज्ञानेश्वर के “पसायदान” के साथ इस भव्य आयोजन का समापन हुआ।
Comments
Post a Comment