BMC के 227 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची जारी न होने को लेकर अनिल गलगली ने उठाए सवाल
BMC के 227 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची जारी न होने को लेकर अनिल गलगली ने उठाए सवाल
मुंबई। RTI एक्टिविस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल गलगली ने महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयुक्त तथा मुंबई महानगरपालिका आयुक्त का ध्यान इस अत्यंत गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया है कि मुंबई महानगरपालिका के सभी 227 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची अब तक सार्वजनिक नहीं की गई है, जबकि चुनाव में केवल 8 दिन शेष हैं।
अनिल गलगली ने कहा कि अंतिम मतदाता सूची का समय पर प्रकाशन न होना केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि मतदाताओं के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की रीढ़ होती है। अंतिम सूची के अभाव में मतदाता अपने नाम की जांच नहीं कर पा रहे हैं। गलत प्रविष्टियों को सुधारने का अधिकार छिन रहा है। फर्जी, दोहरी और अपात्र प्रविष्टियों की आशंका बढ़ रही है। चुनाव प्रणाली पर जनता का विश्वास कमजोर हो रहा है।
इस देरी को लेकर अनिल गलगली ने सवाल उठाया कि इस लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है? चुनाव आयोग और प्रशासन ने कानूनी समय-सीमा का पालन क्यों नहीं किया?.अनिल गलगली की प्रमुख मांगें है कि मुंबई के सभी 227 वार्डों की अंतिम मतदाता सूची तत्काल आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाए। मतदाता सूची जारी करने में हुई देरी पर लिखित और सार्वजनिक स्पष्टीकरण दिया जाए।जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए ठोस और समयबद्ध सुधारात्मक कदम घोषित किए जाएं।
अनिल गलगली ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का समय पर सार्वजनिक होना संवैधानिक जिम्मेदारी है और इसमें हुई देरी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करती है। उन्होंने चुनाव आयोग और मनपा प्रशासन से तत्काल, पारदर्शी और जवाबदेह कार्रवाई की मांग की है।
Comments
Post a Comment